बरेली। सावन का चौथा सोमवार और ईद एकसाथ होने के चलते सोमवार को सफाई व्यवस्था बनाने के लिए निगम टीम को खासी मशक्कत करनी पड़ी। कंट्रोल रूम में दिन भर में करीब दो दर्जन शिकायतें पहुंची। इस दौरान सकिंग मशीन लगाकर नालियों में बहाए गए खून की सफाई कराई गई।
नगर निगम के अधिकारी सोमवार को पूरे दिन शहर में भ्रमण कर व्यवस्था का जायजा लेते रहे। कंट्रोल रूम में भी दो टीमें तैनात की गई थीं और सफाई नायकों को पार्षदों के संपर्क में रहने की हिदायत दी गई थी। इस कवायद के चलते निगम के वाहन सूचना के आधार पर दिन भर कुर्बानी के अवशेष और कूड़े की सफाई करते रहे। कंट्रोल रूम में दिन भर में करीब दो दर्जन शिकायतें पहुंचीं। मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में विशेष ध्यान रखा गया। कुर्बानी का खून जहां भी नाली में बहाया गया था, वहां सकिंग मशीन लगाकर सफाई कराई गई। पर्यावरण अभियंता संजीव प्रधान ने बताया कि क्षेत्र में टीमें तैनात रहने के चलते कंट्रोल रूम में शिकायतें बहुत कम आईं।