फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सावन का चौथा सोमवार- आसमान से बरसी आग भी नहीं डिगा सकी शिवभक्तों की ‘तपस्या’

विज्ञापन
सावन का चौथा सोमवार- आसमान से बरसी आग भी नहीं डिगा सकी शिवभक्तों की ‘तपस्या’ - फोटो : अमर उजाला, बरेली
विज्ञापन
बरेली। सावन के चौथे और आखिरी सोमवार पर आसमान से बरसी आग भी श्रद्धालुओं की आस्था को नहीं डिगा सकी। पसीने से तरबतर श्रद्धालु मंदिरों में जलाभिषेक के लिए लगी लंबी कतारों में नंगे पांव खड़े होकर ‘बम बम भोले का जयघोष’ करते हुए अपनी बारी का इंतजार करते रहे। भगवान शिव का जलाभिषेक कर भक्तों ने मनौती मांगकर अपनी ‘तपस्या’ पूरी की।
विज्ञापन

चौथे सोमवार को नाथ नगरी में ‘बम बम भोले और हर हर महादेव’ के जयकारे लगाते कांवड़ियों का सैलाब उमड़ा। कांवड़ियों के जत्थों के जयघोष से राहें गुंजायमान रहीं। सोमवार तड़के शुरू हुआ जलाभिषेक का दौर देर शाम महाआरती से संपन्न हुआ। सिविल डिफेंस के उप प्रभागीय वार्डन अन्जय ने बताया कि सभी मंदिरों में भक्तों को दर्शन और जलाभिषेक कराने में सिविल डिफेंस की टीम ने जिम्मेदारी संभाली। कांवरिया सेवादल सुभाषनगर की ओर से रमेश गुरु के नेतृृत्व में रामगंगा पर कांवड़ियों की सेवा के लिए लगाए गए कैंप में कांवड़ियों की सेवा की गई। वहीं, ब्रह्मपुरी स्थित ऊंचा हनुमान मंदिर में जिला ब्राह्मण सभा ने सामूहिक रुद्राभिषेक आयोजित हुआ।

बढ़ी उमस तो गश खाकर गिर पड़े श्रद्धालु
आखिरी सोमवार पर सुबह करीब आठ बजे से धूप और उमस ने श्रद्धालुओं को पसीने से तरबतर कर दिया। मानो गर्मी श्रद्धालुओं की परीक्षा ले रही हो। इस दौरान धोपा मंदिर में दो श्रद्धालु गश खाकर गिर पड़े। यहां मौजूद मंदिर कमेटी के बंटी व अन्य ने मदद की। वहीं, वनखंडीनाथ, पशुपतिनाथ के बाहर कतार में खड़े कुछ श्रद्धालुओं की भी हालत बिगड़ गई।
विज्ञापन


भंडारे में श्रद्धालुओं ने चखा प्रसाद
सावन के आखिरी सोमवार पर विभिन्न धार्मिक और सामाजिक समितियों की ओर से भंडारा व प्रसाद वितरण का आयोजन हुआ। धोपा मंदिर में आलमगीर गंज के सराफा व्यापारियों ने गौरीशंकर खंडेलवाल के नेतृत्व में भंडारा वितरण किया। इसके अलावा दो अन्य भंडारे चलते रहे। अलखनाथ मंदिर कमेटी ने, वनखंडीनाथ, त्रिवटीनाथ और पशुपतिनाथ के बाहर आपसी सहयोग से लोगों ने प्रसाद वितरण किया। वहीं जगतपुर नागरिक सुरक्षा कोर के दिलशाद आलम संदेशवाहक के निर्देशानुसार टीम मंदिरों पर तैनात रही।

पूरी हुई नाथ नगरी परिक्रमा
नाथ नगरी बरेली जलाभिषेक समिति की ओर से चल रहे रुद्राभिषेक कार्यक्रम के आखिरी चरण में पशुपतिनाथ मंदिर में जलाभिषेक हुआ। सुबह परंपरानुसार कमेटी अध्यक्ष ब्रजवासी लाल अग्रवाल के नेतृत्व में शिवभक्त भजनों पर झूमते हुए पशुपतिनाथ पहुंचे और सामूहिक जलाभिषेक और रुद्राभिषेक किया। शिव सेना के जिला प्रमुख के नेतृत्व में बाबा अलखनाथ में जलाभिषेक कर नाथ नगरी परिक्रमा शुरू हुई। हिंदू युवा वाहनी के जिलाध्यक्ष शोभित सक्सेना के नेतृत्व में बदायूं रोड स्थित गन्ना मिल से नाथ नगरी परिक्रमा शुरू हुई। प्रथम जलाभिषेक तपेश्वरनाथ पर हुआ और आखिर में धोपेश्वरनाथ मंदिर पर महाआरती से यात्रा का विश्राम हुआ।

धूमधाम से निकली शिव बरात
इज्जतनगर के आलोक नगर युवा समिति की ओर से आखिरी सोमवार पर आलोकनगर स्थित शिव पार्वती मंदिर से धूमधाम से शिव बरात निकाली गईं। कई देव स्वरूपों की झांकियां बरबस ही मन मोह रही थीं। यात्रा मंदिर से शुरू होकर डिफेंस कॉलोनी, आलोक नगर, संतनगर, न्यू मॉडल रेलवे कॉलोनी से होते हुए वापस मंदिर पर समाप्त हुई। इस दौरान श्रद्धालु शिव भजनों पर थिरकते हुए ‘बम बम भोले’ के जयकारे लगाते रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें