फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

योगी जी आसान करा रहे कांवड़ियों का रास्ता, जल निगम ने खोदे गड्ढे

विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। कांवड़ियों का आवागमन सुलभ बनाने के लिए शासन सड़कों को गुड्ढामुक्त करने की कवायद चला रहा है और जल निगम ने पाइपलाइन डालने के दौरान पूरे श्यामगंज क्षेत्र की सड़कों को खोदकर बर्बाद कर दिया है। अमर उजाला टीम ने बुधवार को जब श्यामगंज इलाके का जायजा लिया तो कुछ जगह मिट्टी धंस गई है। वहीं, मलबा पड़ा होने से आवागमन भी बाधित हो रहा है लेकिन जल निगम, नगर निगम या पीडब्ल्यूडी किसी विभाग के अधिकारी को इसकी परवाह नहीं है।
विज्ञापन

पिछले दिनों श्यामगंज और पुराना क्षेत्र में पेयजल की दिक्कत दूर करने के लिए मौलाना आजाद इंटर कॉलेज में ओवरहेड टैंक बनाने और पाइपलाइन बिछाने का प्रस्ताव पास हुआ था। करीब महीने भर श्यामगंज क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू हुआ है लेकिन जल निगम ने पीडब्ल्यूडी और नगर निगम की सड़कों को बिना अनुमति खोदकर पाइपलाइन डाल दी है। मगर सभी विभागों के अफसर चुप्पी साधकर बैठे हैं। इसके चलते श्यामगंज पुल के नीचे, फलमंडी, गुड़मंडी, कालीबाड़ी रोड, शाहजहांपुर रोड, आजाद इंटर कॉलेज के पीछे सड़क खराब होने से आवागमन बाधित हो रहा है।

बीच सड़क कर दी खुदाई
श्यामगंज फल मंडी में जल निगम की टीम ने सड़क को बीच में खोदकर पाइपलाइन डाली है। यहां मलबा डालकर गड्ढा तो बंद कर दिया गया है लेकिन सड़क ऊबड़-खाबड़ हो गई है। आजाद इंटर कॉलेज के पीछे पुराना शहर को जाने वाली रोड भी बीच से खोदी गई है और इन दोनों सड़काें को जोड़ने वाली सड़क का भी यही हाल है। इसके चलते यहां लोगों को आवागमन में काफी दिक्कत हो रही है। कई बार तो लोग यहां फंसकर गिर रहे हैं।
विज्ञापन


दिन में बंद किया काम तो रात में खुदाई
सावन के मद्देनजर सख्ती हुई तो जल निगम ने दिन में सड़कों की खुदाई बंद कर दी है। मगर अब रात में सड़कों को खोदा जा रहा है। मंगलवार रात श्यामगंज से गुड़मंडी जाने वाली सड़क को काफी गहरा खोदकर पाइपलाइन डाल दी गई। मगर मिट्टी ऊपर से डालने के चलते अब इसके धंसने का खतरा बना है।

धंस गई मिट्टी, अब हादसे का खतरा
शाहजहांपुर रोड पर ईसाइयों की पुलिया से रामवाटिका रोड को बीच में काट दिया गया है। यह गड्ढा तो ठीक से भरा भी नहीं गया है, जिसके चलते यहां से तेज रफ्तार में अगर वाहन निकलता है तो अनियंत्रित हो जाता है। इसके अलावा यहां पर खुदाई के बाद गड्ढे को मिट्टी से बंद किया गया लेकिन वह धंस गई है और जगह-जगह पानी भरा है।

सड़क की रिपेयरिंग हमारे प्रस्ताव में शामिल है। फिलहाल तो गड्ढों को मलबा से बंद किया जा रहा है। बाद में इसे पक्का कर दिया जाएगा। कांवड़ियों की सहूलियत को देखते हुए दिन में काम भी नहीं कराया जा रहा है।
विज्ञापन

- संजय कुमार, एक्सईएन जल निगम

पाइपलाइन डालने के लिए जल निगम ने अगर बिना अनुमति सड़कें खोदी हैं तो इसकी जांच कराई जाएगी और कार्रवाई भी होगी। गड्ढे भी जल निगम को ही भरवाने पड़ेंगे।
- उमेश गौतम, मेयर
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें