बरेली। सीएम योगी के आदेश के बाद से सिस्टम कांवड़ियों को सकुशल गुजरने की व्यवस्था में जुटा हुआ है। वहीं, रेलवे इस मेहनत पर पानी फेरता दिख रहा है। आईवीआरआई अंडरपास की मिट्टी खोदकर उसके ढेर नैनीताल हाईवे पर लगा दिए गए हैं। सड़क किनारे कीचड़ होने से एक्सीडेंट का खतरा भी बना हुआ है। हालांकि, सेतु निगम ने निर्माणाधीन ओवरब्रिज के नीचे मिट्टी का पटान कराकर सर्विस लेन ठीक कराने का काम शुरू कर दिया है।
सावन के दौरान नैनीताल हाईवे से कुदेशिया फाटक होते हुए हजारों कावंड़िया अलखनाथ मंदिर की ओर जाते हैं। आईवीआरआई क्रॉसिंग के पास ही अंडरपास का काम चल रहा है। इसे बनाने के लिए निकली सैकड़ों क्विंटल मिट्टी के ढेर हाईवे किनारे छोड़ दिए गए हैं। सेंट्रल जेल के पास भी काफी मिट्टी पड़ी है। कई जगह फुटपाथ पर बेतरतीब मिट्टी का पटान भी कर दिया गया है। इससे यहां एक्सीडेंट का खतरा बना हुआ है। कांवड़ यात्रा शुरू होने के बावजूद रेलवे के अधिकारियों ने कोई सुध नहीं ली है। ओवरब्रिज के नीचे भी काफी मिट्टी जमा है। बुधवार को सेतु निगम ने मिट्टी का पटान कराते हुए सर्विस लेन को ठीक करना शुरू कर दिया है। मगर पानी की निकासी न होने से यहां कीचड़ की दिक्कत बनी रहती है।
किला पुल : ड्रेनेज बनाए बगैर
सर्विस लेन ठीक करने का काम शुरू
किला ओवरब्रिज की रेलवे लाइन की तरफ सर्विस लेन पर नाला न होने से हल्की बारिश में ही जलभराव हो जाता है। यहां एक तरफ रेलवे की बाउंड्री है तो दूसरी तरफ ओवरब्रिज की दीवार बनी हुई है, जो बारिश में नाला बन जाती है। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों का कहना था कि नगर निगम जब तक यहां पानी निकासी का इंतजाम नहीं कराता, सर्विस लेन को ठीक करने से कोई फायदा नहीं। मगर उच्चाधिकारियों के निर्देश के बाद यहां ड्रेनेज सिस्टम बनाए बगैर ही सर्विस लेन को ऊंचा करने के लिए रोड़ा और रेत से काम शुरू करा दिया गया है।
सिटी मजिस्ट्रेट ने देखा बदायूं रोड का हाल
बदायूं रोड से होकर लाखों कांवड़िया कछला आते-जातेे हैं। इसके बावजूद यहां पैच वर्क ढंग से नहीं कराए गए हैं। बुधवार को सिटी मजिस्ट्रेट मदन कुमार ने इस रोड का निरीक्षण किया। उनका कहना है कि अभी कुछ जगह पैच के काम बाकी हैं। उन्हें भी एक-दो दिन में ठीक कराने के निर्देश पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को दिए गए हैं।
जलभराव की दिक्कत का समाधान किए बगैर सड़कों को ठीक रख पाना संभव नहीं। किला-चौपुला रोड के नाले में गंदगी ऊपर तक भरी है। इससे पानी सड़क पर भरेगा। इस संबंध में फिर से नगर निगम और डीएम से वार्ता करेंगे।
- वीएम शर्मा, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड भवन