बरेली। कांवड़ को लेकर संवेदनशील रहे इज्जतनगर थाने के शिकारपुर चौधरी में इस बरस फिर गहमागहमी के आसार हैं। तीसरे सोमवार को निकलने वाली कांवड़ के रास्ते को लेकर सोमवार को दोनों पक्षों में तनातनी के बाद इंस्पेक्टर ने मौके पर जाकर विवाद निस्तारण की कोशिश की। मंगलवार को फिर दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है।
पिछले साल कांवड़ के रास्ते को लेकर हुए विवाद के बाद एसपी सिटी भी मौके पर पहुंचे थे। सोमवार को कांवड़ सकुशल निकलवाने के लिए इंस्पेक्टर केके वर्मा ने इज्जतनगर थाने में शांति समिति की बैठक बुलाई थी। यहां गौंटिया नगरिया के सभासद महेश राजपूत भी थे। एक पक्ष ने कहा कि वह तीसरे सोमवार को कांवड़ उसी पक्के रास्ते से ले जाएंगे जिससे पिछली साल ले गए थे। तब दूसरे पक्ष ने प्रतिवाद किया कि उनका इस रास्ते से कांवड़ ले जाने का कोई औचित्य नहीं है। पिछली बार भी वे कच्चे रास्ते से गए थे जिसका वीडियो उनके पास है। तनातनी बढ़ती देख इंस्पेक्टर ने दोनों पक्षों को वापस भेज दिया। खुद पुलिस टीम लेकर मौके पर गए। वहां दोनों रास्ते देखे। दोनों ही पक्ष अपने दावों पर अड़े थे पर वीडियो दिखाने वाले पक्ष का दावा ज्यादा मजबूत लग रहा था। इंस्पेक्टर ने दोनों पक्ष के पंद्रह पंद्रह लोगों को बुलाया है। मंगलवार को इस विवाद का निस्तारण करने की बात कही है।
वनखंडीनाथ मंदिर के पास मस्जिद निर्माण की सूचना देकर छकाया
बरेली। कांवड़ यात्रा के दौरान शहर में तरह-तरह की अफवाहों का भी माहौल रहा। यूपी 100 पुलिस के पास आई एक कॉल से हड़कंप मच गया। बताया गया कि जोगी नवादा में वनखंडीनाथ मंदिर के पास मस्जिद का निर्माण हो रहा है। इसके विरोध पर बवाल की नौबत है। तत्काल पुलिस पहुंची तो कहानी दूसरी ही निकली। पुलिस ने मौके से दो लोगों को पकड़ा है, कॉल करने वाले का नंबर बंद आ रहा है।
इंस्पेक्टर बारादरी राहुल सिंह ने बताया कि सूचना के बाद यूपी 100 पुलिस के अलावा वे भी थाने की टीम लेकर पहुंचे थे। पता लगा कि मंदिर से काफी दूर एक मकान का निर्माण हो रहा है। उसमें रोड साइड को एक खिड़की खोली जा रही है। पड़ोसी इसका विरोध कर रहे हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि मकान निर्माण करने वाले और झगड़ा कर पड़ोसी को पुलिस थाने ले आई है। दोनों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, झूठी सूचना देने वाले ने अपना नंबर बंद कर लिया है। उसकी भी गिरफ्तारी करेंगे।