बरेली। कांवड़ यात्रा को लेकर किया गया ट्रैफिक मैनेजमेंट पहले रविवार को ही फेल नजर आया। कांवड़ियों के जत्थे निकलने के दौरान रविवार दोपहर चौपुला और शाम को सैटेलाइट चौराहे पर जाम लगा। चौपुला पर मौजूद पुलिस वाले ट्रैफिक कंट्रोल करने के बजाय चेकिंग में लगे रहे।
रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे बदायूं के कछला घाट से कांवड़ियों के जत्थे आने शुरू हुए तो चौपुला चौराहे पर जाम लग गया। कुछ ही दूर पर रोड के गड्ढे भरे जाने से कुछ रास्ता पहले से अवरुद्ध था। बाकी जगह में जत्थों के साथ रोजमर्रा के वाहनों का आवागमन होने से जाम के हालात बन गए। इसी तरह का नजारा शाम के वक्त सेटेलाइट चौराहे पर देखने में आया। जत्थों की संख्या अधिक थी, जिससे चौड़े चकरे रोड पर भी जाम की स्थिति बन गई। ओवरब्रिज बनने के स्थान पर गहमागहमी ज्यादा रही।