बरेली। पूर्णिमा पर नगर के विभिन्न मंदिरों में एक माह से चल रहे कार्तिक महोत्सव का समापन हो गया। भजन-कीर्तन, कथा कार्यक्रमों के विश्राम के बाद शुक्रवार को भंडारों का आयोजन किया गया।
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर श्री हरि मंदिर में सुबह पांच बजे महिला मंडल की सदस्यों ने लड्डू गोपाल के सामने हाजिरी लगाकर मंगलगीत गाए। पं. सुनील शास्त्री ने कार्तिक मास की पावन कथा सुनाई। पं. रमेश चंद्र तिवारी ने मुख्य आरती की। महिला मंडल ने ब्राह्मणों, पुजारियों और सेवादारों को सम्मानित किया। मंदिर सचिव रवि छाबड़ा ने भक्तों की गरिमामयी उपस्थिति के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के समापन पर भक्तों ने प्रसाद वितरित किया। संवाद
तू मेरा यार है, मेरा दिलदार है... भजन पर झूमे भक्त
पंजाबी कॉलोनी स्थित सनातन धर्म मंदिर में भी पूर्णिमा के अवसर पर वार्षिक कार्तिक महोत्सव का विश्राम हुआ। धार्मिक सेवा समिति ने हरि नाम रस धारा में मनमोहक भजनों की प्रस्तुति दी।
गायकों ने तू मेरा यार है, मेरा दिलदार है और नाम मेरी राधा रानी का जिस जिस ने गाया, जैसे भजनों को गाकर भक्तों को झूमने के लिए विवश कर दिया। मुख्य पुजारी नरेश शर्मा ने विधिपूर्वक शालिग्राम के विग्रह का पंचामृत से जलाभिषेक किया। इसके बाद विशेष आरती के साथ तुलसी माता की पूजा-अर्चना की गई। ब्रह्मभोज के बाद भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में सांसद छत्रपाल गंगवार, प्रदेश के वन मंत्री अरुण सक्सेना और व्यापारी नेता राजेंद्र गुप्ता उपस्थित रहे। इस दौरान मनमोहन छाबड़ा, संजीव चांदना, उमेश धमीजा, हरीश सेठी, कवल नयन सपरा, जनक राज, अमित पाल आदि का सहयोग रहा।
कन्या पूजन के साथ कार्तिक महोत्सव का समापन
बरेली। झिड़ी धाम आश्रम में सतगुरु रामनाथ अरोरा के सानिध्य में शुक्रवार को कार्तिक महोत्सव धूमधाम से संपन्न हुआ। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान कर गुरु का आशीर्वाद प्राप्त किया। बाद में 108 कन्याओं का पूजन कर उन्हें उपहार भेंट किए गए। पूजन के बाद श्रद्धालुओं ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। भजन संध्या में वैष्णो देवी बुआ दाती संकीर्तन मंडल के गायकों जगदीश भाटिया, प्रेम भाटिया, संजीव सोई, विकास आहूजा, बंटू साहनी, सुरेंद्र खत्री, सचिन खत्री आदि ने मनमोहक भजनों की प्रस्तुति दी। संवाद