तीसरे सोमवार को उमड़ी शिव भक्तों की भीड़
सावन के तीसरे सोमवार को गौरी शंकर मंदिर में शिव भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। प्रातः काल से लेकर शाम तक मंदिर में जलाभिषेक और पूजा- अर्चना करने वालों की भीड़ लगी रही। हरिद्वार और कछला से गंगाजल लाकर हजारों की संख्या में कांवड़िये मंदिर पहुंचे और उन्होंने जलाभिषेक कर पूजा अर्चना की।
श्रद्धालुओं को दो-दो किलोमीटर चलना पड़ा पैदल
पिछले सोमवार के मुकाबले इस बार शिव भक्तों की भीड़ अधिक रही। भीड़ को देखते हुए पुलिस ने गौरी शंकर मंदिर के पूर्व में कल्याणपुर मोड़ पर और पश्चिम में डिग्री कॉलेज के पास रास्तों पर बैरिकेडिंग कर वाहनों का पूरी तरह प्रवेश वर्जित कर दिया।
दोनों रास्तों पर डीजे लगे ट्रैक्टर और ट्रॉलियों से जाम लग गया। रामनगर-गुलड़िया रोड पर तो सुबह छह बजे से ही जाम लग गया। इस रास्ते पर तो हालत यह हो गए कि लोग पैदल तक नहीं निकल पा रहे थे। लोग खेतों के रास्ते घूम कर मंदिर तक पहुंच रहे थे। कई घंटे बाद पुलिस ने वॉलिंटियरों की मदद से जाम को खुलवाया। इस दौरान लोगों को दो किलोमीटर दूर वाहनों को छोड़कर पैदल मंदिर तक पहुंचना पड़ा।