ऐसे की ठगी
गुलाटी और उसकी कंपनी ने ठगी के लिए हॉलिडे पैकेज को हथियार बनाया। वह महंगे होटलों में सेमिनार कर बेरोजगार युवाओं को शिकार बनाते थे। उन्हें कंपनी का सदस्य बनाने के लिए कई उत्पाद बताए जाते थे। हालांकि नए सदस्य की एंट्री हॉलिडे पैकेज के साथ कराने पर जोर रहता था। हॉलिडे पैकेज सभी उत्पादों में सस्ता होता था। बेरोजगार युवा यह पैकेज खरीदकर कंपनी का सदस्य बन जाते थे।
बदले में कंपनी हॉलीडे पैकेज के प्रिंटेड वॉउचर उपलब्ध करा देती थी। तीन माह इस्तेमाल न करने पर वह निष्क्रिय हो जाता था। वॉउचर के तहत कंपनी कुछ चुनिंदा स्थानों पर होटल एवं नाश्ते का प्रबंध कराती थी। आने-जाने का किराया स्वयं चुकाना पड़ता था। ज्यादातर बेरोजगार इसका प्रयोग नहीं कर पाते थे। इससे कंपनी को सीधी बचत होती थी।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि कन्हैया गुलाटी और उसके साथियों के खिलाफ दर्ज मामलों की जांच के लिए एसआईटी बनाई गई है। यह टीम सभी मामलों की विवेचना करेगी। आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जाएगी। जल्दी ही विशेष टीम का काम दिखाई देगा।