पिछले कई दिनों से विद्युत कटौती झेल रहे लोगों का सब्र टूट गया और गुस्साए लोगों ने कांधरपुर स्टेशन पर जबरदस्त हंगामा कर ताला जड़ दिया। जिसके कारण अंदर काम कर रहे कर्मचारी काफी देर तक बंद रहे। क्षेत्र में दो सप्ताह से ठप ट्रांसफार्मर गुरुवार को ठीक किए जाने के आश्वासन पर लोगों का गुस्सा शांत हुआ।
कांधरपुर स्थित बालाजी धाम कालोनी में दो सप्ताह से ट्रांसफार्मर खराब बताया जा रहा है। लोगों ने बताया कि कई बार शिकायत करने पर भी इसे नहीं बदला गया। बुधवार को विभाग ने इस इलाके में बिजली सुधार का काम शुरू कराया, जिसके कारण सुबह से ही बिजली सप्लाई ठप हो गई। बालाजी धाम निवासी अधिकांश लोग शाम पांच बजे उप केंद्र पहुंचे और हंगामा करने लगे। कर्मचारियों ने अपनी समस्या बताई लेकिन उसे अनसुना कर आक्रोशित भीड़ ने बाहर से गेट बंद कर दिया। हंगामा सुनकर आसपास के लोग भी बिजली घर पहुंच गए, क्योंकि वह भी सुबह से बिजली कटौती का शिकार बने हुए थे।
---------------------
आज गुल रहेगी बिजली
अधिशासी अभियंता नंद लाल ने बताया कि गुरुवार सुबह 11 बजे से गोपालनगर, जोगी नवादा, एमईएस कालोनी, एकतानगर, झूलेलाल गेट, पुराना शहर स्थित आकाशपुरम, पशुपति विहार, बजरिया, रोहणी टोला, चक, कांकर टोला, मौर्या मंदिर, सूफी टोला तथा स्टेडियम क्षेत्र में शाम चार बजे तक सुधार कार्य होगा। इस दौरान सप्लाई बाधित रहेगी।