कालीबाड़ी के पास खुदी पड़ी सड़क।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
ई रिक्शा-टेंपो की वजह से सेटेलाइट से लेकर श्यामगंज तक जाम
बरेली। कालीबाड़ी पर दोबारा शुरू हुई खुदाई पब्लिक के लिए आफत बन गई है। यहां बार बार जाम लग रहा है। यही हाल चौपुला और जिला अस्पताल रोड का भी है। सेटेलाइट स्टैंड से लेकर श्यामगंज तक तो गुरुवार को काफी बुरा हाल रहा। ई रिक्शा और टेंपो चालकों की मनमानी के चलते यहां से लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है।
कालीबाड़ी पर पुरानी सीवर लाइन को दूसरी सीवर लाइन से जोड़ने के लिए दोबारा खुदाई की जा रही है। इससे जाम के हालात बन रहे हैं। गुरुवार को कालीबाड़ी के मुख्य हिस्से में थोड़ी थोड़ी मिट्टी हटाकर लोगों ने दो पहिया वाहन निकालने का कामचलाऊ रास्ता बना लिया। मगर बड़े वाहन यहां से नहीं निकल पा रहे हैं। इस कारण दिन में कई बार जाम की स्थिति बन जाती है। वहीं, चौपुला पर गुरुवार को भी स्थिति खराब रही। रेलवे कॉलोनी रोड पर भी लोग जाम में बार बार फंसते रहे। इधर, श्यामगंज चौराहे से फलमंडी की ओर बढ़ते ही रास्ता बंद मिलता है। यहां पेट्रोल पंप की तरफ वाला रास्ता टेंपो वालों ने कब्जा लिया है। अवैध रूप से एक टैक्सी स्टैंड भी चल रहा है। इससे वाहनों को निकलने को लिए रास्ता कम पड़ जाता है और जाम लगता है। सेटेलाइट चौराहे तक ऐसे और भी कई अवैध स्टैंड बने हुए हैं तो सड़क की दूसरी साइड फल के ठेले लगाने वालों ने कब्जा ली है। वहीं, श्यामगंज चौराहे से विकास भवन की ओर भी जाने में लोगों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ती हैं। यहां नालियां चोक होने से पूरे दिन सड़क पर पानी भरा रहता है। इसी सड़क पर दूसरी ओर ठेले वालों ने कब्जा किया हुआ है। वहीं सामने बाजार की ओर जा रही सड़क पर भी दुकानदारों ने पूरी सड़क के फुटपाथ पर कब्जा जमा रखा है।