बरेली। बरेली कॉलेज में आर्थिक तौर से कमजोर सामान्य वर्ग यानी ईडब्ल्यूएस श्रेणी की एमकॉम में कई सीटें खाली रह गई हैं। इसलिए कॉलेज प्रशासन ने इस श्रेणी के छात्रों को एक और मौका देते हुए 30 नवंबर तक वेबसाइट पर ऑनलाइन पंजीकरण कराने की अनुमति दे दी है।
बरेली कॉलेज में एमकॉम में ईडब्ल्यूएस श्रेणी की 24 सीटें हैं मगर केवल सात अभ्यर्थियों ने ही आवेदन किया। इन सभी के प्रवेश हो जाने के बावजूद एमकॉम मेें अभी काफी सीटें बाकी रह गई हैं, जबकि परास्नातक में प्रवेश के लिए अंतिम चरण चल रहा है। परास्नातक कक्षाओं के प्रवेश समन्वयक डॉ. वीपी सिंह ने बताया कि एमकॉम की ईडब्ल्यूएस की बाकी सीटों पर आवेदन करने के लिए एक और मौका दिया गया है। इस श्रेणी के पात्र छात्र ऑनलाइन पंजीकरण करा सकें, इसके लिए कॉलेज की वेबसाइट को 30 नवंबर तक फिर खोल दिया गया है। उन्होंने इस श्रेणी के छात्रों से जरूरी सर्टिफिकेट के साथ अपनी प्रवेश संबंधी प्रक्रिया को जल्द पूरा कराने के लिए कहा है।
एलएलबी और एमए में प्रवेश के लिए पंजीकरण 30 तक
बरेली कॉलेज में एलएलबी और एमए में भी कई सीटें अभी खाली है, जबकि कॉलेज प्रशासन की ओर से इसके लिए तीन बार मेरिट सूची जारी की जा चुकी है। कॉलेज ने इन कक्षाओं की बाकी सीटों के लिए 30 नवंबर तक पंजीकरण कराने के निर्देश दिए हैं।
एमकॉम में ईडब्ल्यूएस सीटों के लिए तीस तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन होंगे। साथ ही फीस जमाकर तुरंत प्रवेश भी दिए जाने हैं। एलएलबी और एमए में भी प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को एक और मौका दिया गया है। -वीपी सिंह, प्रवेश समन्वयक