बरेली। मिनी बाइपास स्थित जिम में आयोजित ओपन बरेली आर्म रेसलिंग प्रतियोगिता में पीलीभीत के कलीम हुसैन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन ऑफ चैंपियंस का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के 16 जिलों से आए 200 से अधिक महिला और पुरुष खिलाड़ियों ने अपने दमखम का प्रदर्शन किया।
बरेली आर्म रेसलिंग फेडरेशन के जिला सचिव नदीम खान ने बताया कि प्रतियोगिता के विभिन्न भार वर्गों के मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। 0-50 किलोग्राम भार वर्ग में मोहम्मद फैज और 50-55 किलोग्राम वर्ग में प्रीत पहले स्थान पर रहे। 55-60 किलोग्राम वर्ग में अतुल कश्यप व 60-65 किलोग्राम वर्ग में महद प्रथम रहे।
65-70 किलोग्राम भार वर्ग में कलीम हुसैन ने बाजी मारते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। 70-80 किलोग्राम वर्ग में युवराज श्रीवास्तव, 80-90 किलोग्राम वर्ग में अमृत मेहरा 90 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में माजिन ने पहला स्थान हासिल किया। सभी सफल और विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल, सर्टिफिकेट और उपहार देकर सम्मानित किया गया। निर्णायक मंडल में वजीरगंज से शिवम वार्ष्णेय, बदायूं से प्रशांत पंडित, बरेली से गोपाल शर्मा, मीरगंज से फैजान अली और चंदौसी से सचिन उपस्थित रहे।