सिंगाही। क्षेत्र के कोलाफार्म में जंगल से आए हाथियों के झुंड ने खेत में लगी करीब आठ एकड़ गन्नें की फसल को तहस नहस कर दिया। ग्रामीणों ने मसाल जलाकर और ढोल बजाकर किसी तरह से हाथियों को जंगल में खदेड़ दिया।
नौरंगाबाद के कोलाफार्म निवासी समरजीत सिंह, बलजीत सिंह, इंद्रदीप सिंह ने बताया कि उनके खेत जंगल किनारे करीब आठ एकड़ भूमि है। खेतों में गन्ने की फसल लगी हुई है। बुधवार रात करीब 11 बजे जंगल से आए करीब नौ हाथियों के झुंड ने गन्ने की फसल को रौंदना शुरू कर दिया। हाथियों की चिंगाड़ सुनकर ग्रामीण जाग गए। ग्रामीणों के साथ किसान हाथों में मसाल और ढोल आदि लेकर शोर मचाते हुए खेतों की ओर चले। करीब एक घंटे तक हाथी खेत में रुके रहे। काफी देर तक शोर शराबा होते हुए देखकर हाथियों का झुंड जंगल की ओर चला गया। हाथियों ने किसानों की करीब आठ लाख की गन्नें की फसल को बरबाद कर दी। किसानों ने बताया कि जंगली जानवर आए दिन उनकी फसल को नुकसान पहुंचाते हैं, लेकिन उनकी सुनने वाला कोई नहीं है। किसानों ने वन विभाग से मुआवजा दिलाने की मांग की है। रेंजर दिनेश बंडूला ने बताया कि किसानों के फसल का सर्वे कर मुआवजा दिलाया जाएगा।