पंजाब से दो महीने पहले घर लौटा था युवक, यहां नहीं मिल रहा था काम
बरेली। बेशक कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए लॉकडाउन जरूरी था लेकिन अब इसके साइड इफैक्ट भी सामने आने लगे हैं। लॉकडाउन में रोजगार छिन जाने से कहीं मजदूरों के कदम अपराध की दलदल की तरफ बढ़ चले हैं तो कहीं इसका अंजाम आत्महत्या के रूप में सामने आ रहा है। अब नया मामला प्रेम नगर एरिया में सामने आया है। लॉकडाउन में पंजाब से नौकरी छोड़कर आए एक युवक ने बुधवार देर रात घर में छत पर बने कमरे में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया तो हैंगिंग की पुष्टि हुई। बेरोजगारी की वजह से युवक परेशान था।
प्रेमनगर क्षेत्र में हार्टमैन कॉलेज के पास रहने वाले मनोज कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह छह बजे उन्हें एक पड़ोसी ने तुरंत छत पर पहुंचने को कहा। वह छत पर पहुंचे तो कमरे में देखकर हैरान रह गए। छत पर बने कमरे का दरवाजा खुला पड़ा था और अंदर उनके 21 वर्षीय बेटे विवेक का शव फंदे से लटका हुआ था। बताया कि मेजपोश का कपड़ा फाड़कर उसने फंदा बनाया था। अन्य लोग भी छत पर पहुंचे तो परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को भी दी। मौका मुआयना करने के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में सामने आया कि करीब दो महीने पहले विवेक लॉकडाउन के कारण नौकरी चले जाने के बाद पंजाब से घर लौट आया था। तभी से यहां किसी काम की तलाश कर रहा था। बुधवार रात दोस्तों के साथ घूमने की बात को लेकर मां ने भी उसे डांट दिया था। कमरे में बुधवार को ही खरीदा हुआ नया मोबाइल भी टूटा पड़ा मिला। पिता मनोज भी निजी काम करते हैं। हालांकि परिवार ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।