बरेली। पीलीभीत लोकसभा में लगने वाली बहेड़ी विधानसभा सीट पर सपा का कब्जा है। यहां सपा-भाजपा में कांटे की टक्कर रही। विधायक अताउर रहमान के गढ़ में सपा प्रत्याशी भगवत सरन गंगवार पर खूब वोट पड़े। सांसदी जीतकर भी बहेड़ी से 2,123 वोटों के अंतर से जितिन पिछड़ गए।
वर्ष 2022 में विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के अताउर रहमान को 1,24,145 वोट मिले थे। भाजपा प्रत्याशी छत्रपाल गंगवार 1,20,790 वोट पाकर दूसरे स्थान पर रहे थे। सपा के अतारउर रहमान 3,355 वोटों से चुनाव जीते थे। लोकसभा चुनाव में भी यहां दृश्य लगभग ऐसा ही रहा। सपा का गढ़ माने जाने वाले बहेड़ी विधानसभा क्षेत्र में सपा, भाजपा से महज 2,123 वोट ज्यादा हासिल कर सकी।
सपा प्रत्याशी भगवत सरन गंगवार को बहेड़ी में 1,10,079 वोट मिले। वहीं, भाजपा के जितिन प्रसाद को 1,07,956 वोट मिले। पहले से ही माना जा रहा था कि बहेड़ी में सपा का पलड़ा भारी रहेगा। वजह यह थी कि बहेड़ी क्षेत्र मुस्लिम बहुल है। इसके बाद दूसरे नंबर पर कुर्मी मतदाता आते हैं। भगवत भी कुर्मी बिरादरी से आते हैं। इसी फैक्टर के कारण यहां सपा काफी मजबूत मानी जा रही थी। इस सीट का सबसे खास पहलू यह है कि वर्ष 2022 में यहां से विधानसभा चुनाव हारने वाले भाजपा प्रत्याशी छत्रपाल गंगवार बरेली से लोकसभा का चुनाव तो जीत गए लेकिन उनके विधानसभा क्षेत्र में भाजपा नहीं जीत सकी। वहीं, लोकसभा प्रत्याशी जितिन प्रसाद बहेड़ी में भले ही पिछड़ गए लेकिन पीलीभीत से लोकसभा चुनाव जीत कर सांसद बन गए।