बरेली। स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही जिला फुटबॉल लीग के 14वें दिन शनिवार को दो मुकाबले खेले गए। पहले मैच में एयरफोर्स स्कूल और दूसरे में झुमका सिटी की टीम ने विजेता का तमगा हासिल किया।
शनिवार को हुई बारिश की वजह से मैदान पर भी पानी भर गया। इसके चलते खिलाड़ियों को परेशानी भी आई। लीग के पहले मैच में एयरफोर्स स्कूल का सामना कैंट स्पोर्टिंग के साथ हुआ। 12वें मिनट में एयरफोर्स स्कूल के चैदानंद और 20वें मिनट में शौर्य ने एक-एक गोल करके अपनी टीम को बढ़त दिलाई। आखिरी सीटी बजने तक विपक्षी टीम के खिलाड़ी कोई गोल नहीं कर पाए। ऐसे में एयरफोर्स स्कूल ने यह मुकाबला 2-0 से जीत लिया।
दिन का दूसरा मुकाबला झुमका सिटी बनाम फ्यूचर स्टार्स के बीच हुआ। झुमका सिटी के देवेश बिष्ट ने 18वें मिनट में गोल किया। इसके बाद एक आत्मघाती गोल 28वें मिनट में होने से झुमका सिटी की टीम 2-0 से आगे हो गई। हाफ टाइम बाद स्टार्स की टीम के तीन खिलाड़ी बदले गए। उन्होंने कई मौके बनाए लेकिन गोल नहीं कर सके।
झुमका सिटी के जगदीश ने 49वें और 56वें मिनट में गोल किया। 58वें मिनट में कार्तिक ने पांचवां गोल किया। झुमका सिटी की टीम इस मुकाबले में 5-0 से विजेता बनी। फुटबॉल सचिव मून रॉबिन्सन के अनुसार रविवार को झुमका एफसी बनाम मेडिको एफसी के बीच प्रतियोगिता होगी।