मीरगंज। थाना क्षेत्र के गांव नथपुरा में दो घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवर और नकदी चोरी कर चोर भाग गए। पीड़ितों ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित वीरपाल निवासी नथपुरा ने बताया कि बुधवार की देर रात करीब दो बजे चोर दीवार के सहारे चढ़कर उसके घर में दाखिल हुए। कमरे में रखे बक्शे में रखे 60 हजार रुपये नकद, दो जोड़ी पायल और मंगल सूत्र चोरी कर ले गए। इसके बाद उसकी भाभी मीरा देवी के घर में घुस गए। उनके कानों के कुंडल और एक जोड़े पायल चोरी कर ले गए।
इसके बाद गांव के ओमकार के घर में चोर दाखिल हुए और तीन तोला सोने, 20 तोला चांदी के जेवर और तीन हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। इसके बाद चोरों ने एक घर को और निशाना बनाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चोरों की तलाश की, लेकिन चोर हाथ नही लगे। थानाध्यक्ष प्रयागराज सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। शीघ्र ही चोरों का पता लगाकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। संवाद
नकब लगाकर दो लाख के जेवर व सामान की चोरी
क्योलड़िया। थाना क्षेत्र के गांव बौरिया के प्रेम नारायन के घर में नकब लगाकर चोर दो लाख के जेवर व सामान चुरा ले गए। प्रेम नारायन अपने परिवार के साथ घर के आंगन में लेटे थे। बुधवार की रात दीवार में नकब लगाकर चोर घर में घुस आए। कमरे से डेढ़ किलो चांदी के जेवर, 10 ग्राम सोने के जेवर सहित आठ हजार की नकदी लेकर भाग गए। सुबह परिजनों को चोरी की जानकारी हुई। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है। थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बहुत जल्द चोरी का खुलासा किया जाएगा। संवाद