आंवला बाजार में मास्क लगाकर आए दंपती ने की वारदात, घटना सीसीटीवी में कैद
विज्ञापन
बेचने के लिए कुंडलों की जांच कराने पहुंचे और जेवरात का डिब्बा चोरी कर ले गए
आंवला (बरेली)। पक्का कटरा बाजार में सराफा व्यापारी विपिन अग्रवाल की दुकान से टप्पेबाज दंपती 150 ग्राम सोने के जेवरात रखा डिब्बा लेकर गायब हो गए। चोरी गए जेवरात की कीमत करीब साढ़े सात लाख रुपये बताई गई है। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने बाजार और कस्बे में काफी देर तक दंपती की तलाश में अभियान चलाया लेकिन उनका कोई पता नहीं चला।
पक्का कटरा में रहने वाले विपिन अग्रवाल की पिता सुरेशचंद्र अग्रवाल के नाम से घर के पास ही सराफे की दुकान है। विपिन ने बताया कि मंगलवार को पूर्वाह्न 11:30 बजे वह दुकान पर बैठे थे, तभी एक महिला और पुरुष मास्क लगाकर दुकान पर पहुंचे। उन्होंने बेचने के लिए अपने कुंडल की जांच कराने की बात कही, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। इसके बाद दोनों दुकान से बाहर चले गए। मगर उनके पिता ने दोनों को बुलाकर कुंडल ले लिए और उनकी जांच करने लगे। इस बीच महिला ने उनके पिता को बातों में उलझा लिया। उसके साथी पुरुष ने काउंटर के पीछे रखा जेवरात से भरा डिब्बा चोरी करके हेलमेट में छिपा लिया और फिर दोनों वहां से चले गए।
घंटे भर बाद किसी ग्राहक को जेवरात दिखाने के लिए उन्होंने डिब्बा देखा तो वह गायब मिला। पूरी दुकान खंगालने पर भी डिब्बा नहीं मिला तो उन्होंने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी। उसमें साफ दिख रहा था कि हेलमेट की आड़ में महिला के साथी ने डिब्बा चोरी कर लिया है। उनकी सूचना पर थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद टप्पेबाज दंपती को काफी देर तक बाजार में तलाश किया लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। विपिन अग्रवाल की ओर से थाना आंवला में घटना की तहरीर दी गई है, इसमें चोरी हुए सोने के जेवरात का 150 ग्राम बताया गया है। इसमें सोने के झुमके और बुंदे आदि थे। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बाइक की नंबर प्लेट पर बांध था कपड़ा
टप्पेबाज दंपती सराफ की दुकान पर बाइक से पहुंचे थे। उनके बाइक का नंबर पता करने के लिए पुलिस ने दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी तो दोनों बाइक से जाते नजर आए। मगर बाइक की नंबर प्लेट पर कपड़ा बंधा था। पुलिस का कहना है कि टप्पेबाजों की तलाश की जा रही है। कस्बे की सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।