अलीगंज। आंवला तहसील के गांव राजपुर कलां के मजरा गौटिया में पुलिस व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने जेसीबी के जरिए सड़क के दोनों किनारे कब्जे और पटी गंदगी को हटवाकर जल निकासी की व्यवस्था कराई। अब यहां जल्द नाला निर्माण का कार्य भी शुरू कराया जाएगा।
ग्रामीणों ने बताया कि मझगवां ब्लॉक की ग्राम पंचायत राजपुर कलां का मजरा राजपुर गौटिया के मुख्य संपर्क मार्ग पर बीते दो सालों से पटी गंदगी के कारण जलभराव की स्थिति बनी हुई थी। इस सड़क पर जल निकासी की व्यवस्था न होने के कारण सड़क तालाब में जब्दील हो चुकी थी, जिससे आम लोगों को इस रास्ते से निकलना दुश्वार हो गया था। ग्रामीणों का कहना था कि गांव के ही कुछ लोगों ने गोबर-कूड़े के ढेर डालकर सड़क को 16 मीटर से समेटकर चार मीटर कर दिया था, जिससे नाले का निर्माण नहीं हो पा रहा था और सड़क पर गंदा पानी घुटनों तक भरा रहता था।
इस कारण स्कूल जाने वाले बच्चे व दोपहिया बाहन चालक गिरकर चोटिल होते थे। शिकायत मिलने के बाद एसडीएम के आदेश के बाद पैमाइश कर रास्ते को खुलवाया गया। पैमाइश कर अवैध रूप से कब्जा हटवाने की टीम में नायब तहसीलदार दीप्ति सिंह, राजस्व निरीक्षक फौजदार शुक्ला, हलका लेखपाल संतोष कुमार, वरुण आनंद, तेजपाल गंगवार आदि शामिल रहे। संवाद