Jan Dhan accounts checkbook and ATM card issuance stop
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
रिजर्व बैंक आफ इंडिया ने जन धन योजना के खाता धारकों को चेकबुक और एटीएम कार्ड (रुपे)जारी करने पर रोक लगा दी है। अब कोई भी बैंक जांच किए बिना जन धन खातेदारों को चेकबुक और रुपे कार्ड नहीं देगा। जो कार्ड पहले से जारी हैं उनको ब्लाक कर दिया गया है। दूसरी ओर आयकर विभाग ने विभिन्न बैंकों से 2000 से ज्यादा ऐसे जनधन खातों का ब्योरा जुटा लिया है, जिसमें नौ नवंबर से 50 हजार से अधिक रकम जमा की है।
ओरियंटल बैंक आफ कामर्स, पंजाब नेशनल बैंक, केनरा बैंक, भारतीय स्टेट बैंक आदि की कुछ शाखाओें से आयकर विभाग ने जन धन खातेदारों का ब्योरा मंगलवार को अपने कब्जे में ले लिया है। जानकारी के अनुसार करीब दो हजार से अधिक खातों में मानक से अधिक धनराशि जमा होने की पुष्टि हुई है। इन खातेदारों की जानकारी मिलने के बाद आयकर विभाग ने पड़ताल शुरू कर दिया है। संकेत मिले हैं कि आयकर विभाग की टीम इन खातेदारों की हैसियत का पता लगाने के साथ-साथ नोटिस जारी करने की तैयारी में है। फिलहाल यह देखा जा रहा है कि जिन लोगों के खाते जनधन में खुले हैं, उनमें से कितने लोग 40 हजार या इससे अधिक धनराशि अपने पास रखने वाले हैं। माना जा रहा है कि इनमें से काफी लोग ऐसे हैं जिन्हें राजनेताओं, उद्यमियों, अफसरों तथा अन्य ने काला धन दिया है। उन तक पहुंचने के लिए जनधन के खातेदारों को नोटिस जारी करके इस धनराशि के बारे में पूछा जाएगा। लीड बैंक के जिला प्रबंधक ओपी वढ़ेरा ने बताया कि इस बारे में आरबीआई के इन नए आदेशों पर अमल करने के निर्देश सभी बैंकों को जारी किए गए हैं।