बरेली। बेहतर इलाज की आस में रविवार को आरोग्य मेले में पहुंचे मरीजों को परेशान होना पड़ा। एक लैब टेक्नीशियन (एलटी) पर दो केंद्रों का जिम्मा रहा। जिन केंद्रों पर एलटी मौजूद नहीं थे, वहां से मरीजों को जांच के लिए हायर सेंटर रेफर करना पड़ा। कई मरीज जांच के लिए दूसरी जगह जाने की बजाय परामर्श और दवा लेकर ही लौट गए।
मरीजों को बेहतर इलाज मुहैया कराने की उम्मीद के साथ रविवार को सीएचसी, पीएचसी और यूपीएचसी पर आयोजित हो रहा आरोग्य मेला खानापूरी साबित हो रहा है। विभाग का दावा है कि रविवार को जिले के 71 स्वास्थ्य केंद्रों पर करीब चार हजार मरीजों को डॉक्टरों ने परामर्श देकर दवाइयां दीं, पर हकीकत इससे इतर है।
कई केंद्र ऐसे रहे जहां के डॉक्टर और लैब टेक्नीशियन पर दो-दो केंद्रों का जिम्मा रहा। लिहाजा, एक केंद्र पर ही उन्होंने मरीजों को देखा। मूल तैनाती वाले केंद्र पर फार्मासिस्ट ने मरीजों को देखकर दवाएं दीं। जांच के लिए मरीज रेफर हुए।
सुभाषनगर नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्साधिकारी के अवकाश पर जाने की वजह से नेकपुर गौटिया आयुष्मान आरोग्य मंदिर की चिकित्साधिकारी डॉ. सोनिका बैजल पर प्रभार था। वह सुभाषनगर पहुंचीं। मूल केंद्र में फार्मासिस्ट ने मरीज देखे।
सप्ताह में तीन दिन ही आते हैं लैब टेक्नीशियन
सुभाषनगर केंद्र पर दोपहर दो बजे तक 40 मरीज देखेे गए लेकिन किसी मरीज की जांच नहीं हो सकी। मौजूद स्टाफ के मुताबिक एलटी अनिल कुमार सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को सुभाषनगर केंद्र पर तैनात हैं। शेष दिन अन्य केंद्र पर तैनाती है। इसी तरह स्वालेनगर और पुरानी पुलिस लाइन नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर भी लैब टेक्नीशियन तीन दिन ही सेवाएं देता है। लिहाजा, मरीज रेफर करने पड़ रहे हैं।
जहां चिकित्सक या एलटी नहीं हैं, वहां रोस्टर के तहत तैनाती की गई है। अगर केंद्र पर एलटी नहीं है तो मरीज को नजदीकी केंद्र पर जांच के लिए रेफर करने के निर्देश हैं। हमारी सभी टीमें सक्रिय हैं। सीमित संसाधनों में बेहतर कार्य किया जा रहा है। - डॉ. विश्राम सिंह, सीएमओ
अमर उजाला ब्यूरो