बरेली। बारादरी क्षेत्र में साहू गोपीनाथ कन्या महाविद्यालय के पास शराब की दुकान खोलने के विरोध में बुधवार को श्यामगंज इलाके के व्यापारी और स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए। उन्होंने सीढ़ी लगाकर रोड जाम कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें समझाकर वहां से हटाया और जाम खुलवा दिया।
श्यामगंज के व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने बुधवार दोपहर कॉलेज के बाहर सड़क पर जाम लगा दिया। साथ ही डीएम को ज्ञापन भेजा। कहा, साहू गोपीनाथ कॉलेज से 50 कदम की दूरी पर शराब की नई दुकान खोली गई है। कॉलेज के साथ ही यहां से 55 कदम की दूरी पर मंदिर है। लोगों का कहना है कि देसी शराब की दुकान के साथ ही कैंटीन भी खोली गई है। इससे वहां अराजकता का माहौल पैदा हो रहा है। लोग शराब पीकर गालीगलौज करते हैं। कॉलेज आने वाली छात्राओं एवं शिक्षिकाओं के साथ अभद्रता की जाती है। इस कारण मोहल्ले एवं बाजार का माहौल लगातार खराब हो रहा है। आए दिन झगड़ा फसाद होने लगा है। विरोध करने वालों में कॉलेज की प्रधानाचार्य आकांक्षा सक्सेना एवं मोहल्ला बाग अहमद अली खां के लोग भी मौजूद रहे।