बरेली। रविवार रात आईवीआरआई अंडरपास से गुजरे किसी ओवरलोड वाहन की टक्कर से टेढ़ा हुआ लोहे का बैरियर और चेतावनी बोर्ड मंगलवार सुबह रेलवे की टीम ने दुरुस्त करा दिया। हालांकि ऐसा कोई इंतजाम नहीं किया गया है ताकि ओवरलोड वाहन दोबारा अंडरपास से न गुजर पाएं।
आईवीआरआई क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज और दो अंडरपास का निर्माण हो रहा है। ओवरब्रिज का निर्माण सेतु निगम और रेलवे दोनों को ही पूरा कराना है। ओवरब्रिज से बड़े, छोटे सभी तरह के वाहन गुजरेंगे, जबकि रेलवे की तरफ से बनवाए जा रहे दोनों अंडरपास के अंदर केवल छोटे वाहनों को ही निकलने की अनुमति दी गई है। अंडरपास के ऊपर लोहे के पोल और जाल की मदद से फाइबर शेड लगना है। अंडरपास से होकर भारी वाहन के गुजरने पर खतरे की आशंका को देखते हुए दोनों सिरों पर लोहे के एंगल का हाइटगेज और चेतावनी बोर्ड लगाया गया है, लेकिन रेलवे स्टाफ के निगरानी न करने से निर्माणाधीन अंडरपास के अंदर से रात में बड़े और ओवरलोड वाहनों का निकलना शुरू हो गया है। रात में किसी बड़े वाहन के टकराने से स्टेशन की ओर बन रहे अंडरपास के आईवीआरआई साइड का हाइटगेज क्षतिग्रस्त होकर टेड़ा हो गया है। इसके गिरने से कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है। इसके बाद रेलवे की टीम ने मंगलवार को सुबह पहुंचकर इसे ठीक करा दिया।
वेल्डिंग के लिए आधा घंटा बंद किया अंडरपास
-रेलवे अस्पताल की तरफ बने अंडरपास में मंगलवार की शाम को पोल पर वेल्डिंग की गई। इस वजह से करीब आधे घंटे तक ट्रैफिक को बंद कर दिया गया।