बरेली। आईवीआरआई क्रॉसिंग पर बन रहे ओवरब्रिज पर रेलवे के हिस्से का काम जल्द शुरू हो सकता है। रेलवे ने निर्माण शुरू करने के लिए लोहे के गार्डर मंगवाना शुरू कर दिया है। रेलवे अधिकारियों ने मार्च तक ओवरब्रिज का काम पूरा कर देने का भी दावा किया है।
आईवीआरआई क्रॉसिंग पर सेतु निगम ने तो काम पूरा कर दिया है लेकिन रेलवे ने क्रॉसिंग पर अपने हिस्से में आने वाले इस ओवरब्रिज बनाने का ठेका पहले जिस ठेकेदार को दिया था, उसके काम पूरा न कर पाने से यह ओवरब्रिज अब तक शुरू नहीं हो सका है। करीब आठ माह काम ठप रहने के बाद रेलवे ने ओवरब्रिज बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए इज्जतनगर स्टेशन के पास पिलर के ऊपर रखने के लिए लोहे के गार्डर आने शुरू हो गए हैं। बुधवार को भी रेलवे ने क्रेन की मदद से इन लोहे के सैकड़ों क्विंटल वजनी गार्डरों को लाने का काम जारी रखा।
रेलवे के अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारी है। गौरतलब है कि रेलवे ने ओवरब्रिज के पास अंडरपास का काम पूरा कराया है। यहां अब फाइबर शेड लगाया जा रहा है। रेलवे के अफसरों का कहना है कि गार्डर का पूरा स्ट्रक्चर बना बनाया है। इससे काम पूरा करने में ज्यादा वक्त नहीं लगेगा।
सेतु निगम नहीं बना रहा सर्विस लेन
आईवीआरआई पर ओवरब्रिज का काम करीब सालभर पहले काम पूरा करा चुके सेतु निगम ने नैनीताल रोड पर जो सर्विस लेन बनाई थी, वह पूरी तरह से उधड़ चुकी है। नैनीताल रोड की तरफ अंडरपास के पास से आगे इज्जतनगर स्टेशन तक रोड खस्ताहाल है। वहां वाहनों के निकलने से दिनभर धूल उड़ती रहती है। डीएम के निर्देश के बावजूद सेतु निगम ने सर्विस लेन ठीक नहीं कराई है।
ओवरब्रिज बनाने का काम जल्द शुरू होगा। इसके लिए निर्माण सामग्री एकत्र की जा रही है। पब्लिक को इस ओवरब्रिज का जल्द लाभ मिलेगा।
-राजेंद्र सिंह, पीआरओ, इज्जतनगर रेलवे मंडल