बरेली। आईवीआरआई अंडरपास में हादसे की आशंका को देखते हुए 90 डिग्री वाले मोड़ के दोनों तरफ लाइटें लगा दी गई हैं। हालांकि करीब 320 मीटर लंबे इस अंडरपास में अन्य जगहों पर लाइटें लगनी बाकी है। इस अंडरपास में लाइट लगाने सहित दूसरे सुरक्षा इंतजाम न होने से एक्सीडेंट का खतरा बना हुआ था। इसे लेकर यूथ पॉवर संस्था के लोगों ने भी विधायक डॉ. अरुण कुमार को ज्ञापन देकर अंडरपास में सेफ्टी के काम कराने का आग्रह किया था।
इस अंडरपास में रेलवे के पुलिया से नैनीताल रोड की तरफ मोड़ बन गया है। इससे इसकी डिजाइन को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। अंडरपास में अभी लाइट सहित दूसरे सुरक्षा इंतजाम भी नहीं है। जबकि अंडरपास का उद्घाटन 30 सितंबर को हो चुका है। इस खतरे को भांपकर रेलवे के अधिकारियों ने पुलिया के नीचे खतरनाक मोड़ के आसपास कुछ लाइटें लगवा दी हैं, ताकि पर्याप्त रोशन रहने से हादसे को रोका जा सके। हालांकि इस अंडरपास पर अभी दूसरी जगहों पर लाइटें न लगी होने से इसका ज्यादातर हिस्सा रात में अंधेरे में डूबा रहता है।