IT personnel to work No chairs to sit up
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
आयकर विभाग कर्मचारी इन दिनों सीमित संसाधनों में ज्यादा काम कर रहे हैं। ज्यादातर कार्यालयों में कंप्यूटर, फर्नीचर आदि तक नहीं है। बड़ी संख्या में पद खाली होने से हर कर्मी दबाव में है। इन बिंदुओं को लेकर कर्मचारी महासंघ ने सोमवार को पूरे दिन धरना दिया और अपनी मांगें दोहराईं।
आयकर कर्मचारी महासंघ कार्यालयों में संसाधन, आवासीय सुविधा, भवन मरम्मत, खाली पद भरने आदि मामलों पर काफी समय से आंदोलित है। सोमवार को महासंघ ने आयकर भवन परिसर में पूरे दिन धरना दिया और प्रदर्शन कर सभा की। जोनल सचिव रविंद्र कुमार सिंह ने कहा कि मुख्य आयकर आयुक्त लखनऊ से संबंधित ज्यादातर कार्यालयों में स्थिति काफी दयनीय है। इन कार्यालयों में फर्नीचर और कंप्यूटर तक की व्यवस्था नहीं हैं। टूटे फर्नीचर और सीमित संसाधनों में कर्मचारी देर शाम तक काम कर रहे हैं। इन दिनों काला धन जांच आदि कार्य से स्टाफ पर दबाव ज्यादा है। प्रबंधन कर्मचारियों पर विभागीय कार्रवाई मनमाने ढंग से कराना चाहता है।
वक्ताओं ने बरेली और मुरादाबाद के अधिकारियों और स्टाफ के लिए अस्पताल नामित करने, मुख्य और प्रधान आयकर आयुक्त बरेली और मुरादाबाद रेंज में खाली पद भरने, राजेंद्रनगर आवासीय भवन जीर्णोद्धार आदि मांगें जल्द पूरा करने पर जोर दिया। राजेश कुमार, सुनील मिश्रा, नीति सक्सेना, देवी दयाल, प्रियंका, संजय कौशल, प्रीति सक्सेना, नेहा रस्तोगी, अंशल पांडे, सुरेंद्र वर्मा, त्रिलोक दयाल, विपिन सक्सेना आदि ने विचार रखे।