- 20 से 22 सितंबर तक होने वाली प्रतियोगिताओं के आयोजन पर संकट
बरेली। लंबे समय बाद बरेली को महिला वर्ग में हैंडबाॅल व बास्केटबॉल की राज्यस्तरीय प्रतियोगिताएं मिलीं, तो अब इनके आयोजन पर ही संकट खड़ा हो गया है। बॉस्केटबॉल का कोर्ट बदहाल है वहीं, इसी अवधि में हैंडबॉल की राज्य स्तरीय इंटर स्कूल प्रतियोगिता झांसी में होनी है। इसके चलते हैंडबॉल के खिलाड़ी प्रतियोगिता में आने के लिए तैयार नहीं हैं।
क्षेत्रीय क्रीड़ा कार्यालय की ओर से जारी हुई सूचना के मुताबिक हैंडबॉल और बास्केटबॉल की महिला वार्षिक प्रतियोगिता की जिम्मेदारी बरेली को मिली है। दोनों ही खेलों के लिए 11 सितंबर को जिला स्तरीय, 13 सितंबर को मंडल स्तरीय ट्रायल होने के बाद 20 से 22 सितंबर तक राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। झांसी में 19 से 24 सितंबर को स्कूलों की प्रदेश स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता का आयोजन होना है। ऐसे में वार्षिक प्रतियोगिता में हैंडबॉल की कितनी टीमें आएंगी इसको लेकर संशय बना हुआ है।
बॉस्केटबाल कोर्ट क्षतिग्रस्त होने से इस प्रतियोगिता के आयोजन पर संकट है। क्षतिग्रस्त हुए कोर्ट के बीच में जगह-जगह सीमेंट लगाया गया है। यहां प्रशिक्षण ले रहे खिलाड़ियों की मानें तो इस कोर्ट पर प्रतियोगिता होने पर खिलाड़ियों के चोटिल होने का डर है। अधिकारियों का दावा है कि प्रतियोगिता से पहले इसे ठीक करा दिया जाएगा। मगर, कोर्ट बनने में करीब तीन माह का समय लगता है। एक महीने से भी कम समय में यह कैसे ठीक हो पाएगा यह बड़ा सवाल है।
स्कूल प्रतियोगिता से खुलेंगे अंतरराष्ट्रीय स्तर तक के रास्ते
हैंडबॉल की दोनों प्रतियोगिताएं राज्य स्तर की हैं। झांसी में होने वाली प्रतियोगिता इसलिए अहम है कि इससे अंतरराष्ट्रीय स्तर के रास्ते खुलते हैं। ऐसे में खिलाड़ी इसे ज्यादा वरीयता देते हैं। स्कूल स्तर की प्रतियोगिताओं का वार्षिक चार्ट बनता है। ऐसे में इसे टालना मुश्किल है। महिला वार्षिक प्रतियोगिता का आयोजन आगे बढ़ाया जा सकता है। मगर क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी इसके लिए तैयार नहीं हैं।
इन खेलों की टीम का भी होगा चयन
अयोध्या में 13 से 14 सितंबर को होने वाली तैराकी और टेबल टेनिस प्रतियोगिता का ट्रायल जिला स्तर पर तीन सितंबर और मंडल स्तर पर छह सितंबर को होगा। वहीं 14 से 16 अक्टूबर को आगरा में होने वाली कबड्डी व जिम्नास्टिक प्रतियोगिता का जिला स्तर पर चार अक्तूबर, मंडल स्तर पर आठ अक्तूबर, 21 से 23 अक्तूबर को जौनपुर में होने वाली खो-खो व वालीबॉल प्रतियोगिता का जिला स्तर पर 10 अक्तूबर, मंडल स्तर पर 11 अक्तूबर, 18 से 20 नवंबर को लखनऊ में होने वाली टेनिस व हॉकी प्रतियोगिता का जिला स्तर पर पांच नवंबर व आठ नवंबर और 21 से 22 नवंबर को गोरखपुर में होने वाली एथलेटिक्स व बैडमिंटन प्रतियोगिता का जिला स्तर पर आठ नवंबर और 12 नवंबर को स्पोर्ट्स स्टेडियम में ट्रायल होगा। संवाद
निदेशालय की ओर से आदेश आने के बाद ही तिथि तय की गई है। प्रतियोगिताओं से पहले साथ बैठकर चार्ट बनाना चाहिए ताकि तिथियां आपस में टकराएं न। बास्केटबॉल कोर्ट के लिए प्रस्ताव भेजा जा चुका है। - जितेंद्र यादव, क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी
बास्केटबॉल कोर्ट के लिए प्रस्ताव भेज दिया गया है। बजट स्वीकृत होने के बाद यहां काम शुरू कराया जाएगा। इस बार प्रतियोगिता इनडोर स्टेडिम में कराई जाएगी। - जगप्रवेश, सीडीओ