इनकम टैक्स रिकवरी टीम ने सीबीगंज स्थित हल्द्वानी की एनालिसिस मोटर्स की संपत्ति को आयकर विभाग ने अपने कब्जे में लेकर अटैच कर दिया है। इस पर करीब सवा चार करोड़ रुपये की देनदारी थी। आयकर विभाग की ओर से संस्थान पर नोटिस चस्पा कर दिया गया है। इस बिल्ंिडग में नाथ निसान कार का शोरूम किराए पर चल रहा है। अब शोरुम स्वामी उसका किराया आयकर विभाग को देगा।
मुख्य आयकर आयुक्त डा. शिशिर अग्रवाल ने बकाया टैक्स वसूली के लिए बृहस्पतिवार दोपहर नाथ निसान शोरूम की संपत्ति अटैच करा दी। रिकवरी टीम ने सारी संपत्ति को सीधे अपने नियंत्रण में ले लिया। आयकर विभाग ने रजिस्ट्री कार्यालय को लिखकर दिया है कि टैक्स राशि जमा होने तक इस अटैच भवन संपत्ति की खरीद-फरोख्त नहीं होगी। टीम ने इसकी प्रति नाथ निसान शोरूम के मालिक ईशान ग्रोवर को भी दे दी और निर्देश दिए कि किराया आयकर विभाग में जमा करें। ईशान ग्रोवर ने हल्द्वानी निवासी रमेश अग्रवाल से भी इस संबंध में लिखवा लिया है।
दरअसल हल्द्वानी डीजल्स तिकोनिया निवासी कनिष्क खन्ना पुत्र चंद्रप्रकाश खन्ना की सीबीगंज में रामपुर मार्ग पर एनालिसिस मोटर्स नाम से कंपनी थी। कंपनी पर वर्ष 2012 और 2013 का इनकम टैक्स का 4,23,68,890 रूपये बकाया था जो कंपनी ने जमा नहीं किया था। कुछ समय बाद कंपनी को बंद कर दिया गया। कंपनी के मालिक ने यह बिल्डिंग वर्ष 2015 में बरेली के राजेंद्रनगर निवासी ईशान ग्रोवर को किराए पर दे दी थी। ईशान ग्रोवर बिल्ंिडग में नाथ निशान नाम से कार शोरूम चला रहे हैं।