थाना समाधान दिवस में नही हुआ शिकायतों का निस्तारण।
भमोरा। कस्बे में डीएम की अध्यक्षता में आयोजित थाना समाधान दिवस में नौ शिकायतें आईं, लेकिन निस्तारण किसी का नहीं हो सका। इसमें सबसे ज्यादा शिकायतें जमीन पर कब्जा व जलभराव को लेकर रहा। डीएम ने अधीनस्थों को निस्तारण कराने के लिए निर्देश दिए हैं।
सुबह 11 बजे डीएम अविनाश कुमार, एसएसपी अनुराग आर्य, एसडीएम आंवला एन राम के साथ नायब तहसीलदार मौजूद रहे। पहले भमोरा निवासी रमेश प्रताप सिंह, इंद्रपाल, अनिल आदि लोगों ने गली में महीनों से भरे जलभराव को लेकर शिकायत की और बताया कि गली में जलभराव होने से बीमारी फैल रही है।
इस पर डीएम ने एसडीएम से तत्काल प्रभाव से निस्तारण करने को कहा। दूसरी शिकायत जमीन कब्जे को लेकर कोहनी प्रतापपुर की थी, जिस पर हल्का लेखपाल संतुष्ट जवाब नहीं दे पाए। इसपर डीएम ने नाराजगी व्यक्त की। संवाद
सरकारी भूमि व तालाब पर अतिक्रमण : फतेहगंज पूर्वी। शनिवार को थाना समाधान दिवस में कस्बे से लेकर देहात के गांवों के लोग फरियाद लेकर शिकायतों का निस्तारण के लिए आए, लेकिन किसी भी शिकायत का निस्तारण नहीं हो पाया।
नायब तहसीलदार फरीदपुर और थाना प्रभारी मौजूद रहे। वंड़िया खुर्द गांव के कई लोग जमीनी विवाद की फरियाद लेकर आए थे।
निवड़िया गांव के निरुपम ने बताया कि उनके गांव में कुछ लोगों ने सरकारी जमीन पर घूरे डालकर अवैध कब्जा किया है। तालाब पर भी कब्जे की शिकायत की गई। नई कॉलोनी के रामगोपाल ने बताया कि उनके प्लाट पर अवैध कब्जा किया जा रहा है, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इसमें छह शिकायतें दर्ज की गईं। संवाद