- विकास भवन सभागार में आयोजित व्यापार बंधु की बैठक, सीडीओ ने एसपी ट्रैफिक को दिए पार्किंग व्यवस्था में सुधार के निर्देश
बरेली। विकास भवन सभागार में आयोजित व्यापार बंधु की बैठक में बृहस्पतिवार को बाजार में ई-रिक्शा की आवाजाही और शास्त्री मार्केट से कूड़ा न उठाए जाने का मुद्दा उठा। साथ ही अतिक्रमण की समस्या से निजात दिलाने की मांग व्यापारियों ने अफसरों से की।
सीडीओ जग प्रवेश ने व्यापारियों की समस्या का समाधान करने के लिए एसपी ट्रैफिक को पार्किंग व्यवस्था बेहतर कराने के निर्देश दिए। इसमें व्यापारियों से भी सुझाव मांगा गया। वहीं, शास्त्री मार्केट में कूड़ा कचरा साफ न होने की शिकायत पर नगर निगम को पत्र भेजने के लिए निर्देशित किया गया। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल युवा टीम के अध्यक्ष मुकुल अग्रवाल ने बताया कि बाजार में लोगों को गाड़ी पार्क करने में दिक्कत होती है। बीते दिनों अफसरों ने ई-रिक्शा आवाजाही रोकने के लिए खोखला भरोसा दिया।
व्यापारियों ने कुतुबखाना सब्जी मंडी में अतिक्रमण का मुद्दा उठाया। सीडीओ ने अपर नगर आयुक्त सुनील कुमार को निरीक्षण कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। यहां अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संतोष बहादुर सिंह व अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अमर उजाला ब्यूरो