फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: जिला पंचायत की बजट बैठक में भ्रष्टाचार पर हंगामा, एएमए के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित

Sun, 24 Dec 2023 02:22 PM IST
बरेली ब्यूरो अमर उजाला ब्यूरो, बरेली

सार

जिला पंचायत की बैठक में सदस्यों ने एएमए की कार्यप्रणाली पर हंगामा किया। सदस्य निरंजन यदुवंशी की ओर से प्रस्तुत निंदा प्रस्ताव को ध्वनि मत से बैठक में पारित कर किया गया। अध्यक्ष रश्मि पटेल ने कहा कि 10 दिन में कार्यप्रणाली में सुधार नहीं दिखता तो वह शासन को अवगत कराएंगी। 
विज्ञापन
बैठक को संबोधित करतीं जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बरेली में जिला पंचायत की बजट बैठक में शनिवार को भ्रष्टाचार के आरोपों की गूंज रही। सदस्यों ने अपर मुख्य अधिकारी से सवाल किया कि जब सरकारी आवास में रह रहीं हैं तो आवासीय भत्ता क्यों ले रही हैं? विकास कार्यों में भेदभाव करने और मिलने जाने पर सम्मान न देने के आरोप लगाए। 

विज्ञापन


प्रत्येक दो महीने में बैठक न करने पर जब एएमए ने कहा कि निजी बरात घर खाली नहीं मिला तो सदस्य भड़क गए। आरोप लगाया कि आपने अपने आवास की मरम्मत पर 40 लाख रुपये खर्च कर दिए, लेकिन हमारे लिए जिला पंचायत परिसर का सभागार ठीक नहीं कराया। हमें बरातघर के खाली होने तक इंतजार करना पड़ता है। 

आरोपों की बौछार के साथ सदस्यों ने एएमए डॉ.नीतू सिसौदिया की कार्यप्रणाली पर हंगामा किया। सदस्य निरंजन यदुवंशी की ओर से प्रस्तुत निंदा प्रस्ताव को ध्वनि मत से बैठक में पारित कर किया गया। अध्यक्ष रश्मि पटेल ने कहा कि दस दिन में कार्यप्रणाली में सुधार नहीं दिखता तो वह शासन को अवगत कराएंगी। 

विज्ञापन

सदस्य गजेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि बहेड़ी क्षेत्र में जिला पंचायत संपत्तियों को एक से दूसरे व्यक्ति को दिए जाने में भ्रष्टाचार हो रहा है। जिला पंचायत कर्मी सत्यप्रकाश निगम पर सदस्य संतोष यादव ने भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। अध्यक्ष ने कहा जांच कराएंगे। जांच समितियों में पिछड़ा और अनुसूचित जाति के सदस्यों को भी शामिल करने की मांग की गई। प्रत्येक दो महीने में सदन की बैठक न बुलाने पर एएमए ने कहा कि अध्यक्ष की अनुमति से बैठक होगी। 

एमएलसी महाराज सिंह से सदस्यों ने पूछा कि वह अपनी निधि से सदस्यों के प्रस्तावों पर कुछ बजट क्यों नहीं देते? इस पर उन्होंने कहा कि वह अब बजट देंगे। ब्लाक प्रमुख जगमोहन यादव, सदस्य ममता गंगवार, शिल्पी, विनीता गंगवार, अभिलाषा शर्मा, संतोष भारती, ओमपाल ने भी मुद्दे उठाए। 

जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल ने कहा कि सदस्यों के काम नहीं हो रहे। एएमए का सदस्यों के साथ सामंजस्य नहीं बन पा रहा है। मैंने सुधार के निर्देश दिए हैं। दस दिन का समय भी दिया है। उम्मीद है कि वह सुधार लाएंगी। 

एएमए ने दी ये दलील
अपर मुख्य अधिकारी डॉ. नीतू सिसौदिया ने कहा कि मैं तो महीने भर पहले ही सरकारी आवास में शिफ्ट हुई हूं। मैंने कह दिया है कि मेरे वेतन से एक साथ हाउस रेंट काट लिया जाए। जहां तक आवास की मरम्मत पर चालीस लाख रुपये व्यय करने का सवाल है, तो मेरे आवास में सिर्फ पुताई हुई है। पूरे परिसर में काम हुए हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए नए कक्ष का निर्माण भी उसी 40 लाख के प्रोजेक्ट में हुआ है। अभी पूरे रुपये खर्च नहीं हुए हैं। काम चल रहे हैं। बाकी आरोप तो कुछ भी लगाए जा सकते हैं। 

दुकानदारों की टैक्स माफी पर होगा विचार
बैठक में छोटे दुकानदारों का टैक्स माफ करने और बड़े दुकानदारों का टैक्स आधा करने का प्रस्ताव आया। इस पर विचार करने का आश्वासन मिला। अधकटा में गो आश्रय स्थल पर तीन शेड और नए आश्रय स्थलों पर चाहरदीवारी का प्रस्ताव सदस्यों ने खारिज कर दिया। 

सदस्य रेखा पटेल ने कहा कि भोजीपुरा में कितने काम हुए, कितने काम लंबित हैं, उन्हें नहीं बताया गया। सदस्यों ने कहा कि प्रस्तावित कार्यों और टेंडर वाले कार्यों की सूची व्हाट्सएप ग्रुप पर दी जाए। अध्यक्ष ने हां कहकर सदस्यों को संतुष्ट किया। गजेंद्र सिंह ने चौधरी चरण सिंह की मूर्ति जिला पंचायत परिसर में लगाने का आग्रह किया। सभी सदस्यों ने समर्थन किया। 
विज्ञापन

इन मुद्दों पर हंगामा
सदस्य आदेश यादव गुड्डू ने आरोप लगाया कि बहेड़ी क्षेत्र में जिला पंचायत प्रशासन के शिलान्यास और लोकार्पण के शिलापटों पर क्षेत्रीय विधायक अताउर्रहमान का नाम नहीं लिखा जाता क्योंकि वे सपा के हैं। इस पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि अब ऐसा नहीं होगा। 
कृषि विभाग की आत्मा योजना/मेला और गोष्ठी के नाम पर फर्जीवाड़ा कर रुपये हड़पे गए हैं। बैंक डिटेल के साथ जब शिकायत आई तो जिला पंचायत अध्यक्ष ने जांच के आदेश दिए। 
सदस्य प्रियंका यादव ने कहा कि बैठक में आने के बाद बजट का एजेंडा दिया गया। क्या सिर्फ आधे घंटे में बजट पढ़कर कोई सवाल किया जा सकता है? सदस्यों ने पूछा कि दो दिन पहले एजेंडा क्यों नहीं दिया? इस पर एएमए कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सकीं।
एमएलसी महाराज सिंह ने कहा कि कई ब्लाक प्रमुखों को एजेंडा और आमंत्रण नहीं मिला। इसलिए बैठक में सिर्फ एक ब्लाक प्रमुख आए। एएमए ने कहा कि वह अगली बैठक से पहले फोन कॉल सुनिश्चित कराएंगी।
विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक में गैरहाजिरी और सदस्यों के फोन कॉल रिसीव न करने की पूरे सदन ने निंदा की। जिला पंचायत अध्यक्ष से कहा कि सभी के विभागाध्यक्षों को नोटिस भेजा जाएगा। 
बैठक में कार्रवाई रजिस्टर न होने पर सदस्यों ने हंगामा किया। एएमए ने कहा कि पहले शॉर्ट हैंड में लिखवा रहे हैं, फिर कार्रवाई रजिस्टर में दर्ज करेंगे। इस पर एमएलसी ने कहा कि जो कर्मचारी लिख रहा है, वह तो शॉर्ट हैंड जानता ही नहीं। इससे झूठ खुल गया और आनन-फानन में रजिस्टर मंगाया गया।
टूटी सड़कों का मुद्दा कई सदस्यों ने उठाया तो लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता नारायण सिंह ने कहा कि सभी सड़कों के स्टीमेट बन गए हैं, बजट मिलने पर काम होंगे।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें