बरेली में बिजली बिलों में गड़बड़ी थम नहीं रही है। अप्रैल में जारी मार्च के बिलों में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी हुई है। कई मामलों में मीटर रीडर ने रीडिंग लिए बिना ही फीडिंग कर दी, जिससे गलत बिल आया है।
बरेली में बिजली बिलों में गड़बड़ी करने वाले 10 मीटर रीडरों के निष्कासन के बाद भी यह सिलसिला थमा नहीं है। अप्रैल में जारी मार्च के बिलों में भी बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की गई है। अब तक इस तरह के 5,771 मामले सामने आ चुके हैं।
विज्ञापन
गर्मी के मौसम में बिजली बिलों की गड़बड़ी भी उपभोक्ताओं को परेशान कर रही है। इसे ठीक कराने के लिए उपभोक्ता विद्युत निगम के कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं। अधीक्षण अभियंता ने सभी एसडीओ को पत्र जारी कर बिलों में गड़बड़ी करने वाले मीटर रीडरों की सूची तैयार करने के आदेश दिए हैं।
कई मामलों में यह भी सामने आया है कि मीटर रीडर ने रीडिंग लिए बिना ही फीडिंग कर दी। इस कारण उपभोक्ताओं का बिल गलत हो गया। शहर से लेकर देहात तक यही हाल है। पहले से ही बिलों में गड़बड़ी से संबंधित 15 हजार से ज्यादा शिकायतें लंबित हैं। ऐसे में उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिल पा रही है।