बरेली। आयुष्मान कार्ड को धोखा बताए जाने के प्रकरण की जांच 15 दिन बाद भी अधूरी है। इधर, पीड़ित ने आईजी कार्यालय में कॉल कर धमकी मिलने की शिकायत करते हुए सुरक्षा की मांग की है।
करीब 15 दिन पूर्व दीपमाला अस्पताल के डॉ. सोमेश का वीडियो वायरल हुआ था। आयुष्मान कार्ड से इलाज कराने पहुंची महिला के परिजन को फटकारते हुए दोनों को अस्पताल से बाहर निकाल दिया था। देर रात महिला की मौत हो गई थी। अस्पताल को आयुष्मान पैनल से हटा दिया गया, लेकिन जांच अब तक पूरी नहीं हो सकी। जबकि डॉक्टर और पीड़ित युवक के बयान हो चुके हैं। शनिवार को शाहजहांपुर के गांव मिर्जापुर निवासी पीड़ित गोविंद मोहन ने आईजी कार्यालय में कॉल कर धमकी मिलने और पुलिस के कार्रवाई न करने की शिकायत की है। धमकी कौन दे रहा है, इस पर उसने किसी का नाम नहीं लिया। हालांकि, सुरक्षा की मांग की है। अमर उजाला ब्यूरो