देश भक्ति और लोक संस्कृति के कार्यक्रमों से अंतरराष्ट्रीय महोत्सव का शानदार आगाज हो गया है। कल्चरल एसोसिएशन व जिला समारोह की ओर से आयोजित इस महोत्सव का शुभारंभ संजय कम्युनिटी हाल में किया गया। जब कि शुक्रवार को दूसरे रोज से सभी कार्यक्रम चौपुला स्थित एनई रेलवे इंस्टीट्यूट में संपन्न होंगे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम
गणतंत्र दिवस पर इस महोत्सव के पहले रोज बरेली और लखनऊ के कलाकार ही छाए रहे। उन्होंने लोक गीत और लोक नृत्य की शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। इसमें खासतौर से फतेहगंज पश्चिमी यूनिक मॉडल इंटर कालेज के अस्सी कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से पूरे मजमे को लूट लिया। इसके अलावा नंदिनी बिष्ट, संध्या बंसल, जारा वारसी, कशिश के अलावा एनिम्मा डांस ग्रुप, बिंदास ग्रुप व क्रास रोड ग्रुप को श्रेष्ठ प्रस्तुति के तौर पर चुना गया। शुक्रवार को भी इसी तरह के कार्यक्रम रेलवे इंस्टीट्यूट में प्रस्तुत किए गए। शाम को अखिल भारतीय नाटक प्रतियोगिता के अंतर्गत विभिन्न शहरों के आए नाट्य दलों के नाटकों का मंचन किया गया।
नाटकों का मंचन
इस महोत्सव के अंतर्गत अखिल भारतीय नाटक प्रतियोगिता के पहले रोज बृहस्पतिवार को चार नाटकों का मंचन किया गया। इसमें प्रथम प्रस्तुति बरेली के एपिक थियेटर की सद्गति रही। दूसरी प्रस्तुत रंगमंडल बरेली का चंदन भाई नाटक करते हैं, तीसरा नाटक सत्य पथ और अंतिम नाटक सुनहरे सपने रहा। इसमें सभी नाटक सामाजिक मुद्दों से जुड़े हुए थे। इसी तरह शुक्रवार को नाटकों का मंचन देर रात तक जारी रहा।
इनकी रही मौजूदगी
इस मौके पर मुख्य अतिथि उद्योगपति एनपी गंगवार, सीएल शर्मा, डा. एमएस बासु, आदित्य मूर्ति, अनुपम कपूर रहे। अतिथियों का स्वागत संस्थाध्यक्ष जेसी पालीवाल ने किया। उपाध्यक्ष बीएस सक्सेना ने आभार व्यक्त किया। निर्णायक मंडल में एमसी विश्वकर्मा, राजेश गौड़, देवेंद्र रावत, हरजीत कौर, नाहिद बेग रहे। संचालन संजय मठ व सुनील धवन ने किया। इस कार्यक्रम में डीसी पालीवाल, मोहम्मद नबी, सय्यद सिराज, गोविंद सैनी, संजीव सक्सेना, पवन कालरा, राजेंद्र व मेराज आदि का सहयोग रहा।