सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ददरौल का निरीक्षण करते जिलाधिकारी उमेश प्रताप सिंह । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ददरौल, प्रारंभिक विद्यालय मौजमपुर और सिरोमणि नगर में चल रहे वैक्सीनेशन सेंटरों का बुधवार को डीएम उमेश प्रताप सिंह ने निरीक्षण किया। ग्राम मौजमपुर में सचिव व रोजगार सेवक के गायब मिलने पर उनका वेतन रोकने व सेवा समाप्ति के निर्देश दिए। सिरोमणि नगर के सचिव व रोजगार सेवक भी अनुपस्थित मिले, उनसे डीएम ने जवाब तलब किया है।
डीएम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ददरौल में 15 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को टीका लगाए जाने के संबंध में जानकारी ली। लक्ष्य पता न होने पर स्वास्थ्यकर्मी को फटकार लगाई और मुख्य चिकित्सा अधिकारी को तुरंत डाटा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। टीमें कहां काम कर रही हैं, इसकी भी जानकारी ली। एक दिन पहले ग्राम प्रधानों से बात करके अगले दिन की प्लानिंग बनाने, अनुपस्थित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए संबंधित को निर्देशित किया।
प्रारंभिक विद्यालय मौजमपुर में सिर्फ 11 लोगों का टीककारण होने पर नाराजगी जताई। मौजमपुर में सचिव व सेक्रेटरी व रोजगार सेवक अनुपस्थित मिलने पर वेतन रोकने के निर्देश दिए। मौजमपुर की सफाई व्यवस्था खराब और सफाई कर्मचारी न आने की शिकायत पर उसकी सेवा समाप्त करने तथा वीडीओ से जवाब तलब करने के लिए निर्देशित किया। सिरोमणि नगर में भी टीकाकरण के दौरान सचिव व रोजगार सेवक गैरहाजिर मिले, यहां पर वीडीओ से जवाब तलब कर सेवा समाप्त करने के निर्देश दिए गए।