नैनीताल रोड स्थित बैरियर वन चौकी के प्रभारी कपिल कुमार ने क्षेत्र के भाजपा पार्षद महेश राजपूत को मंगलवार दोपहर उनके घर में घुसकर पीट दिया। दोनों ने एक दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। झगड़े की जड़ में खनन को लेकर चल रही तकरार बताई गई है। फिलहाल चौकी प्रभारी को लाइनहाजिर कर सीओ तृतीय को जांच सौंप दी गई है।
वार्ड 51 के भाजपा पार्षद महेश राजपूत का घर मंगलवार को सियासी अखाड़ा नजर आया। यहां दोपहर डेढ़ बजे करीब चौकी प्रभारी कपिल कुमार और उनके साथ गए तीन सिपाहियों व पार्षद महेश पक्ष में मारपीट हुई। आसपास के लोग पहुंचे तो महेश के घर के आंगन में फाइबर की कुर्सियां टूटी पड़ी थीं। पार्षद का कहना है कि उन्होंने खनन के मामले में चौकी प्रभारी की शिकायत की थी, जिसमें समझौते का दबाव बनाने के लिए वह उनके घर आए थे। इनकार करने पर दरोगा ने घर में तोड़फोड़ की व महिलाओं से भी मारपीट की। झगड़े के बाद चौकी प्रभारी तेजी से निकल गए।
चौकी प्रभारी की सूचना पर सीओ तृतीय श्वेता यादव, एसपी सिटी रविंद्र कुमार और फिर थोड़ी देर में प्रभारी एसएसपी डॉ. संसार सिंह चौकी पहुंच गए। सर्किल तृतीय के सभी थानों के प्रभारी भी फोर्स के साथ आ गए और चौकी को छावनी बना दिया गया। अफसरों को चौकी प्रभारी ने बताया कि वह एक शिकायत की जांच करने गए थे तो महेश ने कुछ लोगों के साथ पुलिस पर हमला बोलकर उनकी वर्दी फाड़ दी। इधर, महेश की सूचना पर मेयर उमेश गौतम, शहर विधायक डॉ. अरुण कुमार, कई पार्षद, व्यापारी नेता विशाल मेहरोत्रा समेत कई भाजपा नेता महेश के घर में एकत्र हो गए।