फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बरेलीः जानलेवा बन सकता है चौपुला चौराहे का जाम

विज्ञापन
चौपुला पुल बंद होने के कारण रोड एेसे पार कर रहे हैं रेल ट्रेक। - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
विज्ञापन

रेलवे लाइन पर होकर जा रहे सुभाष नगर और मढ़ीनाथ वाले

बरेली। चौपुला पुल बनाने के लिए शुरू से चली आ रही मनमानी अब लोगों की सुरक्षा पर भारी पड़ने लगी है। पुल के मुख्य हिस्से के निर्माण के लिए चौपुला चौराहा बंद किए जाने के बाद सबसे बड़ा असर सुभाषनगर, बिहारीपुर, मढ़ीनाथ आने जाने वालों पर पड़ा है। वैकल्पिक रास्तों की गलियों में जाम लगने पर उन्होंने खतरनाक रास्तों को चुन लिया है। मंगलवार को लोग रेलवे लाइन से होकर गुजरते रहे। यातायात पुलिस ने पुल के स्लैब पड़ने का काम शुरू होने तक पैदल व बाइक सवारों को अयूब खां, चौकी चौराहा की ओर आवागमन की जो छूट दे रखी है मगर मौका पाते ही बंद रास्तों के बैरियर के बीच से निकलकर अपनी जिंदगी खतरे में डाल रहे हैं। अमर उजाला टीम ने मंगलवार दोपहर चौपुला चौराहे के अलावा आसपास के रास्तों का भी हाल देखा तो लोग खतरों से जूझकर गंतव्य पर जाते नजर आए।

चौपुला चौराहे पर खतरे के बीच से निकल रहे लोग

चौपुला पर फिलहाल लोग खतरे के बीच निकलने से मान रहे हैं। चौराहे से लेकर दिल्ली रोड पर मढ़ीनाथ पुल के छोर तक लोहे के भारी भरकम गार्डर, एंगल, बिजली के तार यहां वहां छितरे पड़े हैं। चौराहे से सटे दूसरे रास्तों पर भी सेतु निगम स्टाफ ने सरिया, बांस बल्ली तो कहीं लोहे के बोर्ड लगाकर रास्तों को अवरुद्ध किया है। यातायात पुलिस फिलहाल स्लैब के लिए पाड़ बंधने तक लोगों को राहत देना चाहती है और अयूब खां, बिहारीपुर व चौकी चौराहा दिशा में पैदल व दोपहिया वाहनों को गुजरने देना चाहती है। बावजूद लोग इस छूट का गलत फायदा उठा रहे हैं। कुछ लोग गलतफहमी में तो बाकी जानबूझकर बंद रास्तों का रुख कर रहे हैं। फिर यही लोग चौराहे पर भूलभुलैया जैसे रास्ते पर आकर फंस जाते हैं तो पीछे लौटना मुश्किल हो जाता है। पूरे दिन यहां लोगों की यातायात पुलिस से तकरार हो रही है।

सुभाषनगर पुलिया पर पूरे दिन जाम

चौपुला बंदी की वजह से सुभाषनगर इलाका इन दिनों खासा व्यस्त हो गया है। बदायूं रोड से शहर में प्रवेश को कार व टेंपो वाले इसी रास्ते का सबसे ज्यादा इस्तेमाल कर रहे हैं। इसलिए राजीव कॉलोनी रोड से सुभाषनगर अंडरपास तक पूरे दिन मारामारी मची रही। सुभाषनगर अंडरपास मंगलवार दोपहर जाम की जद में था। यहां यातायात पुलिसकर्मी व होमगार्ड बेमन से जाम खुलवाने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि कैमरा देखकर ये फुर्ती से काम करने लगे।

रेलवे लाइन से होकर गुजरे लोग

सुभाषनगर पुलिया पर जाम की वजह से तमाम लोग रेलवे लाइन पर होकर निकले। कई लोग इधर होकर जंक्शन की तरफ वाहन लाते और ले जाते दिखे। इन्हें रोकने के लिए आरपीएफ या जीआरपी भी यहां नहीं थी। वहीं नेकपुर व मढ़ीनाथ की रेलवे लाइन से होकर भी लोगों ने साइकिलें निकालीं और पैदल भी गुजरे।

बिहारीपुर की गलियों से निकलना दूभर

चौपुला चौराहे पर बंदी की वजह से बिहारीपुर के तंग रास्तों पर वाहनों की मारामारी मची है। यहां जाम के बीच से बाइक व स्कूटी तो निकल भी जाती हैं पर कारें और टेंपो अक्सर फंस जाते हैं और फिर वे जाम को और बढ़ा देते हैं। मंगलवार को भी ऐसे ही नजारे यहां गलियों में देखने को मिले। लोगों को काफी समस्या हुई।

मढ़ीनाथ की पुलिया पर भारी दबाव

चौपुला पुल बंद होने के बाद से सबसे ज्यादा परेशानी मढ़ीनाथ क्षेत्र की जनता को उठानी पड़ रही है। मढ़ीनाथ पुल पार करके बनाए गए अंडरपास से होकर जाने वाला रास्ता सनैया सिठौरा, वंशीनगला व कई अन्य गांवों को जाता है। अब इस रास्ते पर पूरे दिन वाहन दौड़ते हैं। इससे भी स्थानीय लोग परेशान हैं। उन्हें छोटे बच्चों को अंदर बंद रखना पड़ता है। स्थानीय भाजपा नेता सतीश यादव का कहना था कि सेतु निगम को सर्विसलेन दुरुस्त करके संचालन जारी रखना चाहिए था। एक साथ चौराहा बंद कराने से काफी समस्या हो गई है।

सूचना के बोर्ड लगाए मगर डायवर्जन नियमों को नहीं मान रहे लोग

यातायात पुलिस ने चौपुला की ओर आने जाने वाले हर रास्ते पर डायवर्जन संबंधी बोर्ड लगा रखे हैं। रामगंगा, अयूब खां चौराहे, चौकी चौराहे से ही सड़क पर बोर्ड लगाकर स्पष्ट कर दिया गया है कि इस दिशा में किस श्रेणी के वाहनों को जाना है और वैकल्पिक रास्ता क्या है। इसके बावजूद वाहन चालक नहीं मान रहे।

एसपी ट्रैफिक बोले- खतरे में न डालें जिंदगी

एसपी ट्रैफिक संजीव कुमार वाजपेई ने लोगों से अपील की है कि यातायात पुलिस ने चौपुला चौराहा बंद होने पर सभी तरह के वाहनों के डायवर्जन के रास्ते तय कर दिए हैं। इनका पर्याप्त प्रचार भी कराया है, इसके बावजूद लोग गलत रास्तों पर जाकर अपनी और दूसरों के लिए मुसीबत पैदा कर रहे हैं। उन्होंने कहा है कि लोग यातायात नियमों का पालन करते हुए निर्धारित रास्तों से ही आवागमन करें।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें