फतेहगंज पूर्वी। इंस्पेक्टर और दरोगा पर महिला साथी से गाली-गलौज करने का आरोप लगाकर बुधवार को बार एसोसिएशन से जुड़े अधिवक्ता सीओ से मिलने पहुंचे।उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सीओ की ओर से जांच कराने का आश्वासन मिलने के बाद वह शांत हुए।
थाना क्षेत्र के गांव भदपुरा निवासी रजनी कश्यप ने बताया कि वह फरीदपुर कचहरी में अधिवक्ता हैं। पांच अप्रैल को रात करीब 11 बजे पति रविंद्र खेत से घर लौट रहे थे। रास्ते में एक आरोपी ने जान से मारने की नीयत से उन पर फायर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपी के साथ पति को भी थाने ले गई। सुबह जब वह थाने पहुंचीं तो दरोगा और इंस्पेक्टर ने गाली-गलौज की।
40 घंटे तक पति को थाने में बैठाए रखने के बाद शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया। आरोपी हंसराम के पास से तमंचा बरामदगी दिखाकर पुलिस ने इसे अपना गुडवर्क दर्शा दिया। उनकी ओर से लगाए गए आरोप पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। मामले में इंस्पेक्टर मदन मोहन चतुर्वेदी का कहना है कि महिला के पति का एक व्यक्ति से झगड़ा हुआ था। दोनों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। आरोप गलत है।
घटना पुरानी है। जांच कराई जाएगी। इंस्पेक्टर और दरोगा पर लगाए गए आरोप सही साबित होने पर उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। -गौरव सिंह, सीओ फरीदपुर