बरेली के क्योलड़िया क्षेत्र में बयान दर्ज करने के बहाने दरोगा ने युवती को घर से जबरन ले जाने की कोशिश की। युवती के परिजनों का आरोप है कि दरोगा निजी गाड़ी से आया था। उसके साथ महिला सिपाही भी नहीं थी।
बरेली के क्योलड़िया क्षेत्र में दो दिन पहले प्रेमी के साथ गई युवती सोमवार को घर लौट आई। उसके परिजनों ने आरोप लगाया कि मंगलवार को बयान लेने दरोगा अपनी निजी गाड़ी से बिना महिला आरक्षी के ही पहुंच गए। उन्होंने युवती को घर से ले जाने की कोशिश की। परिजनों के विरोध पर दरोगा लौट गए। परिजनों का आरोप है कि पुलिस का रवैया देख पीड़िता की मां संतोष देवी को हार्ट अटैक आया। उनको निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी है। घटनाक्रम का वीडियो वायरल हो रहा है।
विज्ञापन
परिजनों ने बताया कि दो दिन पहले उनकी बेटी किसी युवक के साथ चली गई थी। उन्होंने पुलिस को तहरीर दी थी। सोमवार को बेटी सकुशल घर आ गई। उसके बाद थाने के दरोगा पीड़िता के घर अपनी निजी गाड़ी से पहुंचे। कहा कि युवती का मेडिकल परीक्षण होगा। परिजनों ने कहा कि वह अपने आप थाने आ जाएंगे। इसके बावजूद दरोगा घर में घुसकर छात्रा को ले जाने की कोशिश करने लगे।
ग्रामीणों ने बनाया दरोगा का वीडियो
महिलाओं ने विरोध किया कि वह अपने साथ महिला आरक्षी लेकर आएं, तब वह बेटी को भेजेंगे। खुद युवती ने कहा कि वह निजी गाड़ी में नहीं जाएगी। महिलाओं के शोर मचाने पर ग्रामीण एकत्र हो गए। मामला बिगड़ता देख दरोगा गाड़ी लेकर चले गए। घटना का वीडियो बनाकर ग्रामीणों ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।