फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक हजार संक्रमित मिले तो कैसे होंगे भर्ती... परखी मुस्तैदी

विज्ञापन
300 बेड अस्पताल में निरिक्षण करने पहुंची टीम - संवाद - फोटो : CITY
विज्ञापन
बरेली। कोरोना संक्रमितों की तादाद अगर एक हजार के पार होगी तो उन्हें भर्ती कराने, इलाज समेत संसाधनों की जरूरत को लेकर सोमवार को रिहर्सल किया गया। नोडल अधिकारी डॉ. सुदेश कुमारी के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग के अफसरों ने इंटीग्रेटेड कोविड कमांड सेंटर (आई ट्रिपल सी), तीन सौ बेड अस्पताल का औचक निरीक्षण कर आवश्यक संसाधन का रिकॉर्ड जुटाया।
विज्ञापन

सोमवार सुबह 11 बजे नोडल अधिकारी के साथ सीएमओ डॉ. बलबीर सिंह, एसीएमओ प्रशासन डॉ. हरपाल सिंह, जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. आरएन सिंह, आईडीएसपी एवं सर्विलांस प्रभारी डॉ. अनुराग गौतम कलक्ट्रेट स्थित आई ट्रिपल सी पहुंचे। उन्होंने वहां पर संक्रमितों के सर्विलांस के लिए मौजूद कर्मियों से संक्रमितों को ट्रैक करने, नियमित कॉल करने, आरआरटी द्वारा कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग, फैसिलिटी, एंबुलेंस मुहैया कराने, होम आइसोलेशन पर रह रहे मरीजों को ट्रैक करने, कॉल कर सेहत की जानकारी दर्ज करने, तबियत बिगड़ने पर दवाएं अथवा उचित परामर्श देने संबंधी जानकारी ली गई। यहां स्थिति संतोषजनक मिली।
इसके बाद नोडल अधिकारी के साथ सभी अफसर तीन सौ बेड कोविड अस्पताल पहुंचे। यहां पर फ्लू कॉर्नर इंचार्ज डॉ. सतीश चंद्रा से अस्पताल में मौजूद बेड, पीकू वार्ड में बेड, सभी तरह के बेड में ऑक्सीजन की आपूर्ति, चिकित्सक और स्टाफ की उपलब्धता, मरीजों की सैंपलिंग, फायर सेफ्टी, रिकॉर्ड बनाने समेत गाइडलाइन के तहत अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई। ऑक्सीजन प्लांट चलाकर भी देखा गया।
विज्ञापन

1024 संक्रमित को सुविधा देने का मिला टारगेट
सीएमओ डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि शासन ने संक्रमण के पीक पर पहुंचने के दौरान किसी दिन अचानक 1024 संक्रमित मिलने पर उन्हें कैसे सुविधा मुहैया कराएंगे, इसकी तैयारियों की परख के निर्देश दिए हैं। दूसरी लहर के हालात के अनुसार, इसमें 881 संक्रमित 18 साल से अधिक आयुवर्ग के हैं और 143 बच्चे शामिल हैं। वयस्कों में 870 होम आइसोलेशन पर रहेंगे और शेष को फैसिलिटी प्रदान की जाएगी। वहीं, 143 बच्चों में 22 को फैसिलिटी मुहैया कराई जाएगी और शेष होम आइसोलेशन में रहेंगे। इनमें 15 बच्चों को एल-1, एल-2 के तीन, एल-3 के दो और एल-4 कैटेगरी के तहत चार बच्चों को भर्ती कराया जाएगा।
एसआरएमएस में पीडियाट्रिक वार्ड हुआ आरक्षित
एसीएमओ डॉ. आरएन गिरी ने बताया कि मीरगंज, बहेड़ी, तीन सौ बेड कोविड चिकित्सालय में पीकू वार्ड तैयार हैं। सबसे पहले संक्रमित मिलने पर बच्चों को उनके लक्षण के आधार पर फैसिलिटी मुहैया कराई जाएगी। सभी बेड भरने पर एसआरएमएम में भर्ती कराया जाएगा। इसके बाद भी अगर जरूरत पड़ी तो आईएमए द्वारा निजी अस्पतालों से भी संपर्क कर लिया गया है, जो तत्काल बेड उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने बताया कि फिलहाल पीकू वार्ड के लिए एसआरएमएस में भर्ती कराने की मंजूरी हो चुकी है। वहां विशेषज्ञ चिकित्सक और स्टाफ समेत ऑक्सीजन व अन्य इलाज की सुविधाएं मौजूद हैं।
मॉकड्रिल आज, जांची जाएगी हकीकत
नोडल अधिकारी सुदेश कुमारी ने बताया कि सोमवार को तैयारियों का आकलन और उसकी रिपोर्ट तैयार कर ली गई है। स्थिति संतोषजनक मिली है। मंगलवार को मीरगंज, बहेड़ी समेत कोविड अस्पताल में भी मॉकड्रिल की जाएगी। इसमें किसी भी एक स्वास्थ्यकर्मी को संक्रमित मानकर उसके द्वारा एंबुलेंस को कॉल कर बुलाने, एंबुलेंस का उसके घर तक पहुंचने, फैसिलिटी तक पहुंचाने, अस्पताल स्टाफ द्वारा उसे भर्ती कराने, जांच और ऑक्सीजन उपलब्ध कराने, उसकी फाइल तैयार करने का मॉकड्रिल होगा। इस दौरान चार से पांच घंटे तक अस्पतालों के प्लांट चलाकर भी देखे जाएंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें