चार करोड़ से निर्मित टंकी में साफ-सफाई नहीं कराने से ग्रामीणों में रोष
अलीगंज। क्षेत्र के ग्राम पंचायत मझगवां में हर घर नल योजना के तहत लगभग चार करोड़ की लागत से बनी पानी की टंकी के लोगों के घरों में आ रहे पानी में कीड़े आने लगे हैं। इस पर ग्रामवासियों में जल निगम की कार्य प्रणाली को लेकर आक्रोश जताया है और कहा कि वे जल्द ही कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह के सामने यह मामला रखेंगे।
मझगवां गांव के छोटे लाल कश्यप, महेंद्र पाल वर्मा, प्रीतम लाल आर्य, सोमपाल कश्यप आदि लोगों ने बताया कि गांव में लगी टंकी से आ रहे पानी में लाल-हरे रंग के कई कीड़े दिखाई देते हैं, जो सरकार की अति महत्वाकांक्षी योजना के सफल क्रियान्वयन की पोल खोल रहे हैं। लोगों को कहना है कि टंकी की ठीक-ठाक सफाई नहीं कराने से यह स्थिति उत्पन्न हुई है।
मझगवां विकास खंड के अवर अभियंता जल निगम रूपचंद ने बताया कि शिकायत पर संज्ञान लेते हुए टंकी के ओवरहेड टैंक को साफ करने के लिए दो मजदूर भेज दिए गए हैं। संवाद