बरेली में प्रवासियों पर केमिकल छिड़काव किया गया।
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली-पंजाब से घर लौट रहे लोगों को सैनिटाइज करने के लिए सैकड़ों की तादाद में सड़क पर बैठाकर उन्हें केमिकल युक्त पानी से नहला देने के मामले में डीएम ने जांच के आदेश दे दिए हैं। इस घटना के बाद कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई थी। डीएम ने यह भी साफ किया है कि इस मामले में दोषी नगर निगम और फायर ब्रिगेड के स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
रविवार को फायर ब्रिगेड और नगर निगम की टीमों ने लंबी यात्रा करके बाहर से अपने घर लौट रहे लोगों को सेटेलाइट चौराहे पर इकट्ठा करके उन्हें सड़क पर बैठा दिया और सैनिटाइज करने की बात कहते हुए सोडियम हाइपोक्लोराइड युक्त पानी का स्प्रे कर पूरी तरह नहला दिया। इस दौरान लोगों के मुंह और आंख में भी केमिकल चला गया जिसकी वजह से आंखों में जलन के साथ उन्हें उलटियां भी होने लगी थीं। कई बच्चे इस स्प्रे के बाद रोते-चीखते नजर आए थे।
यह घटना मीडिया में आने के बाद सोमवार को शासन ने इस पर जिला प्रशासन का जवाब तलब किया। इसके बाद डीएम नितीश कुमार ने इस घटना की जांच का आदेश दे दिया। डीएम ने बताया कि लोगों पर गलत ढंग से स्प्रे करने वाले नगर निगम और फायर ब्रिगेड के स्टाफ का स्पष्टीकरण मांगा गया है। उन पर कार्रवाई भी की जाएगी।