पुराने नोट बदलवाने पर स्याही लगाने का काम शुरु
- फोटो : ANI
एक व्यक्ति एक ही बार नोट निकाले इस नियम का सख्ती से पालन करने के लिए अब कई कदम उठाए जा रहे हैं। अब दोबारा रकम निकालने वाले व्यक्ति के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उनकी पहचान अंगुली में लगी स्याही से होगी। ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई के लिए बैंकों के प्रबंधकों को एफआईआर दर्ज कराने के आदेश किए हैं। उनके खिलाफ 420 और लोक व्यवस्था भंग करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज होगी। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस बारे में यूपी सहित सभी प्रदेशों के मुख्य सचिव और पुलिस प्रमुख को निर्देश दिए गए हैं।
जिले भर की बैंकों में उंगलियों पर अमिट स्याही लगाने की खबर से दोबारा रकम लेने के लिए लाइन लगाने से कुछ भीड़ छट गई। कई बैंकों में आईडी की बारीकी से पड़ताल की गई तो दोबारा रुपये लेने के लिए लाइन में लगे लोग खिसक लिए। एक अनुमान के अनुसार बुधवार को 10 से 15 प्रतिशत लोग लाइन से अलग हो गए। करीब सवा दो लाख लोगों ने 72 करोड़ रुपये बदले। आरबीआई के निर्देश पर बुधवार से बैकों में एक्सचेंज करने वालों की उंगली पर आज अमिट सियाही लगनी थी लेकिन बैंकर्स एसोसिएशन व्यवस्था नहीं कर पाई। दिल्ली से हिंदुस्तान और कोरस ब्रांड की इंक दिल्ली से मंगाई है जो कि गुरुवार को आ जाएंगी और लगनी शुरू हो जाएगी। ज्यादातर बैंकों में सख्ती से आईडी चेकिंग शुरू हो गई है।
एसबीआई के वरिष्ठ अधिकारी आरके गौड़ ने बताया दोबारा रकम निकालने वाले व्यक्ति के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस बारे में यूपी सहित सभी प्रदेशों के मुख्य सचिव और पुलिस प्रमुख को निर्देश दिए गए हैं।
एसबीआई एटीएम से निकला 2000 का नोट
एसबीआई मैन ब्रांच सहित छह एटीएम से दो-दो हजार के नोट निकलने शुरू हो गए। बुधवार देर शाम से निकले नोट पाकर लोग खुश दिखे। जिले के अन्य एटीएम में भी धीरे-धीरे 2000 के नोट मिलने शुरू हो जाएंगे।
लंबी लाइनों पर रहेगी विशेष नजर
विजिलेंस अधिकारियों ने लंबी लाइन और अधिक भुगतान करने वाली बैंकों को रडार पर ले लिया है। कई बैंकों के गेट पर कैमरे लगा दिए गए हैं जो कि बार-बार नोट बदलने आ रहे हैं। कैमरे में कैद होते ही उनको पकड़ा जाएगा।