फरीदपुर। खनन की सूचना पर एसडीएम ने नायब तहसीलदार व राजस्व टीम को जांच के लिए मौके पर भेजा। टीम के पहुंचने की सूचना से पूर्व ही सूचना लीक हो गई। इसका फायदा उठाकर खनन माफिया जेसीबी मशीन, डंपर व ट्रैक्टर-ट्राॅली लेकर भागने में सफल रहे। अब टीम जांच रिपोर्ट एसडीएम को सोमवार को सौंपगी।
क्षेत्र के गांव केसरपुर में रविवार को खनन किया जा रहा था। किसानों के खेतों में दो जेसीबी मशीन से मिट्टी की खोदाई करके खनन माफिया डंपर व ट्रैक्टर-ट्राॅली से मिट्टी ले जा रहे थे। नियमों के विपरीत मिट्टी का उठान करने की ग्रामीणों ने एसडीएम को सूचना दी। एसडीएम ने नायब तहसीलदार व राजस्व टीम को मौके पर जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। नायब तहसीलदार राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसकी सूचना खनन माफियाओं को पहले से ही हो गई। टीम के पहुंचने से पहले ही माफिया जेसीबी मशीन, डंपर व ट्रैक्टर-ट्राॅली लेकर भाग गए।
नायब तहसीलदार रजनीश सक्सेना ने बताया कि खनन की सूचना पर जांच की जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट एसडीएम को दी जाएगी। संवाद