बरेली। दीपोत्सव पर शहर के सराफा बाजार में रौनक है। महंगाई की वजह से लोग हल्के गहनों की खरीदारी कर रहे हैं, पर मांग बरकरार है। कुंदन की ज्वैलरी, एंटीक कलेक्शन के साथ ही फेदर लाइट डिजाइन का खास क्रेज है। दुकानदारों का कहना है कि सोने में निवेश का सुरक्षित विकल्प मानते हुए लोग जमकर गहनों की खरीदारी कर रहे हैं।
सराफा कारोबारियों के अनुसार इस बार भारी आभूषणों की मांग कम है। हल्के वजन की चेन, रिंग, नोज पिन की मांग में इजाफा हुआ है। सोने-चांदी के सिक्कों की भी अच्छी डिमांड है। लोग पुराने सिक्कों की मांग ज्यादा कर रहे हैं। डायमंड के आभूषणों की भी आकर्षक शृंखला उपलब्ध है।
सोने की कीमतें बढ़ने के बावजूद ग्राहकों का भरोसा बरकरार है। लोग इसे निवेश का बेहतर विकल्प मानकर खरीद रहे हैं। सोने की बढ़ती कीमतों को ध्यान में रखते हुए लोग इसमें निवेश कर रहे हैं। - सुबोध अग्रवाल, सराफा कारोबारी
कारोबार पिछले साल के मुकाबले इस बार अच्छा है, लेकिन सोने के दाम ज्यादा होने की वजह से इस बार बिक्री पर असर पड़ा है। लोग दामों के कम होने का इंतजार कर रहे हैं। - सुरेंद्र रस्तोगी, सराफा कारोबारी