बरेली। सील सुभाष नगर में चिह्नित दुकानदार मुनाफाखोरी कर रहे हैं। स्थानीय लोगों को वह मनमाने दामों पर जरूरी चीजें उपलब्ध करा रहे हैं। कुछ लोगों ने इसकी शिकायत भी अधिकारियों से की है।
शासन के आदेश पर सुभाष नगर को सील करने के बाद वहां बाहरी लोगों का आवागमन रोक दिया गया है। बस्ती के लोग भी बाहर नहीं जा पा रहे हैं। चिह्नित दुकानदारों को सामान बेचने की अनुमति है। व्यवस्था का फायदा उठाकर ऐसे में यहां महंगाई छाई है। दुकानदार मनमाने दाम पर सब्जी व सामान दे रहे हैं। कन्हैया तिवारी ने अंदर की एक दुकान से मेथी खरीदी। उन्हें 50 रुपये किलो वाली मेथी दो सौ रुपये किलो मिली। इस पर उन्होंने यहां भ्रमण को आए मजिस्ट्रेट से इसकी शिकायत की। लोगों का कहना है कि बस्ती में टमाटर पचास से साठ रुपये किलो तक टमाटर बेचा जा रहा है। आलू प्याज जैसी दूसरी सब्जियां भी महंगी कर दी गई हैं। सील इलाके में दुकानों पर प्रतिबंधित किया गया पान मसाला भी खुलेआम दोगुने रेट में मिल रहा है। वहीं, रविवार को दमकल व नगर निगम की टीम ने डेढ़ किमी दायरे के सील किए गए इलाके में दोबारा सैनिटाइजर का छिड़काव किया गया।
लॉकडाउन का पालन करना ही समझदारी
कोरोना संक्रमित व्यक्ति के पास की गली में रहने वाले युवा शायर कुमार कौशल का कहना है कि लॉकडाउन का स्थानीय लोग काफी हद तक पालन कर रहे हैं पर कुछ गलियों में अभी लोग इसे सजा के तौर पर ही देख रहे हैं। कुछ समस्याएं हैं पर लोगों को सरकार के निर्देश का पूरी तरह पालन करते हुए घर पर ही रहना चाहिए।
प्रशासन कीमतों पर रखे काबू
सील किए गए क्षेत्र की निवासी गृहणी रिंकी सिंह के मुताबिक वह तो लॉकडाउन और शासन के सील वाले क्षेत्र में आवाजाही न करने का पूरा पालन कर रही हैं पर प्रशासन को अंदर की व्यवस्थाओं का आंकलन करने की सख्त जरूरत है। दुकानों, ठेले वालों की निगरानी करके उन्हें तय रेट पर ही सामान बेचने की छूट दी जाए।
इज्जत नगर में भी सड़क पर खेल रहे जुआ
इज्जत नगर के मठ लक्ष्मीपुर इलाके में लॉकडाउन का उल्लंघन हो रहा है। कहीं लोग सुनसान सड़क पर जुआ खेल रहे हैं तो कहीं चाट के ठेले वाले को लोगों की भीड़ घेरे खड़ी है। पुलिस का इस इलाके में खास फोकस न होने से स्थिति लगातार बिगड़ रही है।