खुदाई के दौरान जड़ें हिलने से सूखने लगे कई पेड़, डिवाइडर भी धसका
बरेली। अयूब खां चौराहे से चौपुला के बीच सीवर ट्रंक लाइन के लिए लापरवाही से की जा रही खुदाई लगातार नुकसान कर रही है। बुधवार को जल निगम की जेसीबी ने स्ट्रीट लाइट के एक और पोल को धराशायी कर दिया। इससे पहले भी एक पोल टूट चुका है, जड़ें हिल जाने से कई पेड़ भी सूखने लगे हैं।
अयूब खां से चौपुला चौराहे के बीच कई दिनों से सीवर लाइन डालने के लिए जल निगम खुदाई करा रहा है। मंगलवार को खुदाई के दौरान दुकानों की तरफ बना डिवाइडर क्षतिग्रस्त होने के साथ स्ट्रीट लाइट का एक पोल भी टूट गया था। गुरुवार को जेसीबी ने इससे आगे लगा एक और स्ट्रीट लाइट का पोल धराशायी कर दिया जिसके बाद उसे उठाकर एक किनारे रख दिया गया है। लापरवाही से खुदाई किए जाने से चौपुला की ओर कई पेड़ों की जड़ें तक हिला दी गई हैं जिसके बाद ये पेड़ एक तरफ झुकने के साथ सूखने लगे हैं। जल निगम एक्सईएन संजय सिंह ने बताया कि स्ट्रीट लाइट पोल टूटने की सूचना मिलने के बाद एक बार फिर खुदाई के दौरान सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।