स्वर्ण जयंती पर एलुमिनाई मीट में जुटे पूर्व छात्र
आईवीआरआई के पशुधन उत्पाद प्रौद्योगिकी (एलपीटी) डिवीजन के 50 वर्ष पूरा होने पर स्वर्ण जयंती एलुमिनाई मीट आयोजित हुई। इसमें देश और विदेश में सेवाएं दे रहे पूर्व विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। संस्थान निदेशक डॉ. त्रिवेणी दत्त ने बताया कि आईवीआरआई बहुविषयक विश्वविद्यालय के रूप में विकसित हो रहा है। संस्थान ने बीटेक (डेयरी टेक्नोलॉजी), एमबीए, मास्टर इन एनाटॉमी पाठ्यक्रम शुरू किए हैं। अगले वर्ष मास्टर इन वन हेल्थ, मास्टर इन वाइल्डलाइफ हेल्थ जैसे राष्ट्रीय महत्व के कोर्स भी शुरू किए जाएंगे। इसकी मंजूरी मिल गई है।
उत्कृष्ट वैज्ञानिकों को पुरस्कृत कर रहा आईएमएसए
इंडियन मीट साइंस एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. पीके मंडल ने बताया कि आईएमएसए के आठ सौ से ज्यादा आजीवन सदस्य हैं। जो मांस क्षेत्र में शोध, प्रशिक्षण, सहयोग, नीतिगत समर्थन को सशक्त बना रहे हैं। उत्कृष्ट वैज्ञानिकों और विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए संगठन ने कई पुरस्कार शुरू किए हैं। सम्मेलन का संचालन पशुधन उत्पाद प्रोद्योगिकी की डॉ. नेहा ठाकुर और धन्यवाद ज्ञापन विभागाध्यक्ष डॉ. एआर सेन ने किया।