कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते किसान नेता।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
सेठ दामोदर स्वरूप पार्क में धरना देकर प्रदर्शन भी किया
बरेली। भारत बंद के आह्वान पर शुक्रवार को किसान संगठनों ने सेठ दामोदर स्वरूप पार्क में धरना देकर प्रदर्शन किया। बाद में कलक्ट्रेट तक मार्च भी किया। हालांकि शहर के बाजार में भारत बंद का कोई असर नहीं दिखाई दिया।
कृषि कानून के विरोध में किसान आंदोलन के चार महीने पूरे होने पर संयुक्त किसान मोर्चा ने भारत बंद का आह्वान किया था, हालांकि शहर में इसका कोई असर नहीं दिखाई दिया। हालांकि बंद को सफ ल बनाने के लिए भारतीय किसान यूनियन के साथ कई और किसान संगठन कई दिनों से व्यापारियों से समर्थन मांग रहे थे लेकिन इसके उलट होली होने के कारण बाजारों अच्छी-खासी भीड़ दिखाई दी। किसान एकता संघ के बैनर तले किसानों ने दामोदर स्वरूप पार्क में सभा कर धरना दिया गया। किसान एकता संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. रवि नागर ने कृषि बिल को काला कानून बताते हुए सरकार से तुरंत इसे वापस लेने की मांग की। इस दौरान नारेबाजी करते हुए किसानों ने कलेक्ट्रेट गेट तक मार्च कर ज्ञापन सौंपा। जिले में कई और जगह भी किसान संगठनों ने प्रदर्शन किए।
जंक्शन पर अलर्ट
भारत बंद को लेकर जंक्शन पर अलर्ट रहा। जीआरपी इंस्पेक्टर विजय कुमार राणा और आरपीएफ इंस्पेक्टर विपिन सिसौदिया खुद फोर्स लेकर जंक्शन पर निगरानी करते रहे। इंस्पेक्टर विपिन सिसौदिया ने बताया कि बिलपुर, पितांबरपुर समेत कई स्टेशनों पर अतिरिक्त फोर्स तैनात किया गया था। ट्रेनों और सरकुलेटिंग एरिया संयुक्त रूप से सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। संवाद